पंजाब विधानसभा चुनाव में किसका सही होगा एग्जिट पोल, 1304 प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ीं

Punjab Assembly Election

– क्या कहते हैं एग्जिट पोल –

                                       

पंजाब विस चुनाव की मतगणना कल,1304 प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ीं

पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिये 20 फरवरी को हुये चुनावों की मतगणना 10 मार्च को होगी और इसके साथ ही मैदान उतरे प्रत्याशियों की दिलों की धड़कनें बढ़ने लगी हैं। मतगणना सुबह आठ बजे कोविड नियमों का पालन करते हुये कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू होगी तथा अनेक दौर के बाद दोपहर तक नतीजे आने शुरू हो जाएंगे। सायंकाल तक समूची मतगणना प्रक्रिया सम्पन्न हो जाएगी।

मतगणना के लिये राज्य में 66 जगहों पर 117 केंद्र स्थापित किये गये हैं। समूची मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इस चुनाव में 1304 प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला होने जा रहा है, जिनमें 231 राष्ट्रीय दलों के, 250 प्रांतीय दलों के, 362 गैर मान्यता प्राप्त दलों के और 462 निर्दलीय हैं। इनमें 1209 पुरुष, 93 महिलाएं और दो
ट्रांसजेंडर हैं।

इस बार कैप्टन भाजपा के साथ मिलकर लड़ रहे हैं चुनाव

सत्तारूढ़ कांग्रेस के अलावा विपक्षी आम आदमी पार्टी और संयुक्त समाज मोर्चा (एसएसएम) ने सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ा है। इनके अलावा शिरोमणि अकाली दल (शिअद) 97 और उसकी गठबंधन सहयोगी 20, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 68 और उसकी गठबंधन सहयोगी पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) 34 तथा शिअद (संयुक्त) ने 15 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। इस बार के चुनाव में शिअद ने भाजपा से नाता तोड़ कर बसपा से गठबंधन किया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह भी कांग्रेस के अलग होकर भाजपा के साथ मिल कर चुनाव लड़ रहे हैं।

स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

चुनाव में कुल 2,14,99,804 पंजीकृत मतदाताओं में से 71.95 प्रतिशत यानी 15469618 ने 24740 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। मतदान करने वालों में 8133930 पुरुष, 7335406 महिलाएं और 282 ट्रांसजेंडर हैं। राज्य के 117 विधानसभा क्षेत्रों में से गिद्दड़बाहा में सर्वाधिक 84.93 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके बाद तलवंडी साबो में 83.70 प्रतिशत तथा सरदूलगढ़ में 83.64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। कम मतदान वाले विधानसभा क्षेत्रों में अमृतसर पश्चिमी 55.40 प्रतिशत, लुधियाना दक्षिणी 59.04 प्रतिशत और अमृतसर केंद्रीय 59.19 प्रतिशत रहे थे। मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रखा गया था।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।