ससुराल में फंदे पर लटकी मिली महिला

Woman found hanging sachkahoon

मायके पक्ष का आरोप हत्या कर लटकाया शव

हिसार (सच कहूँ न्यूज)। सुंदर नगर में 37 वर्षीय पूजा सोमवार सुबह 10 बजे के करीब घर के प्रथम तल पर अपने कमरे में फंदे पर लटकी मिली। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शहर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। जहां मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज खंगाली है।

मामले में मृतका के भाई फतेहाबाद निवासी मोहित ने आरोप लगाया कि उसकी बहन पूजा को उसके ससुराल वाले पिछले 15 सालों से दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। पूजा के साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि पूजा के पति राजेश जैन और देवर, सास-ससुर ने उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया। मामले में पूजा के पति राजेश जैन और देवर विपिन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मोहित का आरोप है कि पुलिस उनके मेडिकल में आनाकानी की है। मोहित ने बताया कि पूजा की शादी 16 साल पहले सुंदर नगर निवासी राजेश जैन से की थी। राजेश की मोती बाजार में ताला-चाबी की दुकान है।

फतेहाबाद निवासी प्रापर्टी डीलर का काम करने वाले मोहित ने बताया तीन दिन पहले उसकी पूजा से फोन पर बात हुई थी। पूजा कह रही थी कि उसकी सास उसे नीचे वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने नहीं दे रही है। मोहित ने बताया कि उसने पूजा को कहा था कि वह वॉशिंग मशीन भेज देगा। लेकिन सोमवार सुबह छोटे भाई उमंग के पास अज्ञात नंबर से फोन करने वाले शख्स ने कहा कि पूजा गंभीर हालत में है। मोहित ने बताया तभी पुलिस का फोन आया। इसके बाद वह अपने परिवार के अन्य लोगों को लेकर पूजा के घर पहुंचा तो पूजा फंदे पर लटकी मिली। मोहित ने बताया कि पूजा के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। आरोप है कि पिछले दो-तीन दिन से तो पूजा के साथ लगातार मारपीट की जा रही थी। मोहित का आरोप है कि पूजा के देवर विपिन ने घर में पूजा के शव को नीचे उतारने के दौरान उसे धमकी दी कि अगर पुलिस कार्रवाई करवाएंगे तो उसे भी जान से मार देंगे।

शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई है। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को करवाया जाएगा।

इंस्पेक्टर कप्तान सिंह, एसएचओ, सिटी थाना, हिसार।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।