हमसे जुड़े

Follow us

18.1 C
Chandigarh
Tuesday, February 3, 2026
More
    Home देश देश में ओमिक्...

    देश में ओमिक्रॉन से 653 व्यक्ति संक्रमित, दिल्ली टॉप पर और कोविड इलाज के लिए तीन दवा को मिली मंजूरी

    Omicron

    नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। देश में कोविड के नये संस्करण ओमिक्रॉन से 653 लोग संक्रमित पायें गये हैं जिनमें महाराष्ट्र में सर्वाधिक 167, दिल्ली में 166 और केरल में 57 मामले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को यहां बताया कि पिछले 24 घंटों में 21 राज्यों में ओमिक्रॉन से 653 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 186 संक्रमण से उबर चुके हैं। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में देश में 72 लाख 87 हजार 547 कोविड टीके लगाये गये हैं। इसके साथ ही मंगलवार सुबह सात बजे तक 142 करोड़ 46 लाख 81 हजार 736 कोविड टीके दिये जा चुके हैं। पिछले 24 घंटों में कोविड संक्रमण के 6358 नए मामले सामने आए हैं। देश में अभी 75 हजार 456 कोविड रोगियों का इलाज चल रहा है। यह संक्रमित मामलों का 0.22 प्रतिशत है।

    देश में कुल 67 करोड़ 40 लाख 78 हजार 531 कोविड परीक्षण किए

    इसी अवधि में 6450 लोग कोविड से मुक्त हुए हैं। अभी तक कुल तीन करोड़ 42 लाख 43 हजार 945 लोग कोविड से उबर चुके हैं। स्वस्थ होने की दर 98.40 प्रतिशत है। देश में पिछले 24 घंटों में 10 लाख 35 हजार 415 कोविड परीक्षण किए गये हैं। देश में कुल 67 करोड़ 40 लाख 78 हजार 531 कोविड परीक्षण किए हैं।

    कोविड इलाज के लिये और तीन दवा को मंजूरी

    केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कोविड संक्रमण के इलाज के लिये मंगलवार को और तीन दवा कोबेर्वेक्स टीके, कोवोवेक्स टीके और एंटी वायरल दवा मोलनुपीराविर के प्रयोग को मंजूरी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने यहां जारी एक ट्वीट श्रंखला में यह जानकारी देते हुए कहा कि कोविड से संक्रमित मरीजों के इलाज के लिये एक दिन में ही और तीन दवा को मंजूरी दी गयी है। इसके लिए भारत को बधाई है। मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोविड के विरुद्ध सभी मोर्चों पर लड़ाई लड़ी जा रही है। तीनों दवाओं को मिले अनुमोदन से कोरोना के खिलाफ वैश्विक संघर्ष को मजबूती मिलेगी।

    यह तीसरा भारतीय कोविड रोधी टीका

    उन्होंने कहा, ‘हमारा दवा उद्योग पूरी दुनिया के लिए एक बहुमूल्य संपदा है। सर्वे भवन्तु सुखिन: सर्वे सन्तु निरामया:। उन्होंने कहा कि मंत्रालय के अधीन सीडीएससीओ ने कोविड के रोगियों के इलाज के लिए एक दिन में तीन दवा कोबेर्वेक्स , कोवोवेक्स टीके तथा एंटी वायरल मोलनुपीराविर का अनुमोदन किया है। इनका प्रयोग आपात स्थिति में होगा। कोबेर्वेक्स का निर्माण हैदराबाद की कंपनी बायोलॉजिकल -ई ने किया है। यह तीसरा भारतीय कोविड रोधी टीका है। यह आरबीडी प्रोटीन आधारित है। कोवोवेक्स टीके का निर्माण पुणे में सीरम इंस्टीट्यूट आॅफ इंडिया में होगा। यह नैनो पार्टिकल पर आधारित है। एंटी वायरल दवा मोलनुपीराविर का निर्माण देश में 13 कंपनी करेंगी। इसका प्रयोग वयस्क कोविड मरीजों के इलाज के लिए किया जाएगा।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here