कमर्शियल सिलेंडर हुआ 250 रुपये महंगा

Published On

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। तेल एवं गैस कंपनियों ने वित्त वर्ष 2022-23 के पहले ही दिन शुक्रवार को ग्राहकों को महंगाई का बड़ा झटका देते हुए वाणिज्यिक (कमर्शियल) रसोई गैस सिलिंडर की कीमत 250 रुपये बढ़ा दी। इस इजाफे के साथ राजधानी में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलिंडर 2253 रुपये का हो गया है। राहत की बात यह है कि घरेलू गैस सिलिंडर की कीमतों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। कमर्शियल सिलेंडर में इस बढ़ोतरी के कारण बाहर का खाना महंगा हो सकता है। उल्लेखनीय है कि बीते दो महीनों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 346 रुपए तक बढ़ चुकी हैं। इससे पहले 01 मार्च को इसकी कीमत में 105 रुपए की बढ़ोतरी की गयी थी, लेकिन 22 मार्च को नौ रुपये घटा दिए गए थे।

विमान ईंधन के दाम दो प्रतिशत तक बढ़े

तेल विपणन कंपनियों ने विमान ईंधन यानि एयर टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) के दामों में दो प्रतिशत तक की वृद्धि की है, जिससे इसकी कीमत 1,12,924.83 रुपए प्रति किलोलीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गयी हैं। इससे पहले यह कीमत 1,10,066 रुपए प्रति किलोलीटर थी। इस वृद्धि से हवाई सफर के महंगा होने की आशंका है। किसी भी एयरलाइन के संचालन लागत में विमान ईंधन की करीब 40 फीसदी हिस्सेदारी होती है। औसत अंतरराष्ट्रीय मूल्य के आधार पर हर महीने की पहली और 16 तारीख को विमान ईंधन की कीमतों में संशोधन किया जाता है। विमान ईंधन के दाम में एक जनवरी 2022 से अब तक सात बार इजाफा हो चुका है। इस साल विमान ईंधन 38,902.92 रुपये प्रति किलोलीटर यानी करीब 50 फीसदी महंगा हो चुका है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts