एक सप्ताह में दस्तावेज पेश न करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
रानियां (सच कहूँ/राजेंद्र गाबा)। नगर पालिका प्रशासन ने शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए करीब 60 दुकानदारों और मकान मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। इन नोटिसों में संबंधित लोगों को नगर पालिका की जमीन पर किए गए कब्जे के संबंध में अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। Sirsa News
नगर पालिका सचिव विक्रमजीत ने बताया कि शहर के मुख्य मार्ग और मुख्य बाजार क्षेत्र में करीब 350 दुकानें व मकान ऐसे हैं, जिनका इंतकाल नगर पालिका के नाम दर्ज है, जबकि संबंधित लोगों के पास उनकी रजिस्ट्री मौजूद है। उन्होंने कहा कि जब तक जमीन का इंतकाल संबंधित व्यक्ति के नाम नहीं होता, तब तक वह संपत्ति नगर पालिका की ही मानी जाएगी। दूसरी ओर दुकानदारों और मकान मालिकों ने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि वे लंबे समय से इन संपत्तियों में रह रहे हैं और उनके पास रजिस्ट्री के वैध दस्तावेज भी मौजूद हैं। बावजूद इसके नगर पालिका द्वारा उन्हें अवैध कब्जाधारी मानकर नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जो उनके साथ अन्याय है।
राजकीय अवकाश रहने के कारण प्रभावित लोग अपने दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके
बीते तीन दिनों तक राजकीय अवकाश रहने के कारण प्रभावित लोग अपने दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। अब वे मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में अपने मालिकाना हक के कागजात पेश करेंगे। नगर पालिका प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए कहा है कि शहर के विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से दुकान व मकान बनाकर बैठे लोगों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समयावधि में वे अपने मालिकाना हक के साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाए, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। Sirsa News
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पालना करते हुए अवैध कब्जाधारियों को एक सप्ताह में साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में दस्तावेज नहीं देने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विक्रमजीत, सचिव, नगर पालिका रानियां















