हमसे जुड़े

Follow us

29.7 C
Chandigarh
Monday, March 23, 2026
More
    Home खेल SL vs PAK: सा...

    SL vs PAK: सांस रोक देने वाले मुकाबले में पाकिस्तान बाहर

    SL vs PAK
    SL vs PAK: सांस रोक देने वाले मुकाबले में पाकिस्तान बाहर

    कोलंबो (एजेंसी)। SL vs PAK:  कुसल मेंडिस (91) की शानदार पारी और सदीरा समराविक्रमा (48) के साथ शतकीय साझीदारी की मदद से श्रीलंका ने एशिया कप सुपर फोर चरण के एक सांस रोक देने वाले मुकाबले पाकिस्तान को दो विकेट से हरा कर लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश किया। आर प्रेमदासा स्टेडियम पर वर्षा के बाद उतार चढ़ाव भरे मुकाबले में आखिरी गेंद पर श्रीलंका ने चरिथ असलंका (49) ने नवोदित जमान खान की गेंद पर चौका जमा कर अपनी टीम को फाइनल का टिकट दिलाया। पारी के 41वें ओवर में शाहीन शाह अफरीदी ने दो लगातार गेंदो में दो विकेट लेकर मैच में रोमांच पैदा कर दिया था मगर अंतत: श्रीलंका के खाते में जीत गयी। SL vs PAK

    भारत और गत विजेता श्रीलंका के बीच फाइनल मुकाबला 17 सितंबर को कोलंबो में ही खेला जायेगा। भारत अब तक सात बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर चुका है जबकि श्रीलंका के खाते में छह एशिया कप खिताब आये हैं। मैच के दौरान दो बार बारिश के कारण मैच रोका गया जिसके चलते ओवरों की संख्या घटा कर 42-42 ओवर कर दी गयी थी। पाकिस्तान ने टास जीतकर पहले खेलते हुये 42 ओवरों में सात विकेट पर 252 रन बनाये जिसके जवाब में श्रीलंका ने 253 रनों का विजय लक्ष्य आखिरी ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर पूरा कर लिया। SL vs PAK

    श्रीलंका की जीत में कुसल मेंडिस की भूमिका अहम रही जिन्होने एक छोर पर टिक कर खेलते हुये महत्वपूर्ण पारी को अंजाम दिया। मेंडिस अपने तीसरे वनडे शतक के करीब आकर इफ्तिखार की गेंद पर हारिस को कैच थमा बैठे। उन्होने पहले पथुम निसंका (29) के साथ 57 रनो की साझेदारी की जबकि बाद में समराविक्रमा ने उनका भरपूर साथ दिया। मेंडिस ने अपनी उपयोगी पारी में 87 गेंद खेलकर आठ चौके और एक छक्का लगाया।

    पाकिस्तान के इफ्तिखार अहमद (50 रन पर तीन विकेट) लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे वहीं शादाब खान ने पथुम निसंका को अपने ही गेंद पर कैच कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इससे पहले मोहम्मद रिजवान (86) और इफ्तिखार अहमद (47) के बीच 108 रनों की शतकीय साझीदारी की बदौलत पाकिस्तान ने 42 ओवरों में सात विकेट पर 252 रन बनाये। पाकिस्तान एक समय 130 रनों पर पांच विकेट गंवा कर संघर्ष की स्थिति में पहुंच गया था मगर एक छोर पर टिके रिजवान ने इफ्तिखार अहमद के साथ मिल कर तेजी से रन बटोरे। इफ्तिखार 41वे ओवर में मथीसा पथिराना का शिकार बने मगर तब तक पाकिस्तान मेजबान टीम के लिये चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का आधार बना चुका था। रिजवान आखिरी तक आउट नहीं हुये। उन्होने 73 गेंदो की नाबाद पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये। SL vs PAK

    फखर जमान का विकेट जल्दी खोने के बाद अब्दुल्ला शफीक (52) ने कप्तान बाबर आजम (29) के साथ दूसरे विकेट के लिये 64 रन जोड़े। इससे पहले वर्षा के कारण मैच करीब सवा दो घंटे की देरी से शुरू हुआ जिसके चलते ओवरों की संख्या 45-45 निर्धारित की गयी मगर खेल के बीच में एक बार फिर बारिश ने बाधा पहुंचायी जिसके कारण मैच को 42-42 ओवरों का करना पड़ा।

    श्रीलंका की ओर से मथीशा पथिराना (65 रन पर तीन विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे जबकि प्रमोद मदुशन ने दो विकेट झटके। भारत के खिलाफ कहर बरपाने वाले दुनिथ वेल्लालगे के हाथ सिर्फ एक विकेट लगा। एक विकेट महीश थीक्षणा को मिला। एशिया कप फाइनल के पहले भारत शुक्रवार को बांग्लादेश से अपने अंतिम सुपर फोर मुकाबले में भिड़ेगा। भारत इस मुकाबले को फाइनल की तैयारी के तौर पर लेगा।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here