UP Weather: नई दिल्ली/हिसार सच कहूँ/संदीप सिंहमार।। उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान घने से बहुत घने कोहरे के साथ शीतलहर की स्थिति बन सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 18 से 22 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में तथा 18 से 21 दिसंबर के दौरान उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में 18 से 22 दिसंबर, जबकि हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, बिहार और झारखंड में 18 से 20 दिसंबर के बीच कई स्थानों पर घना कोहरा रह सकता है।
उत्तर प्रदेश: इन जिलों में अलर्ट जारी | UP Weather
गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर।
कोहरे का अलर्ट…
आईएमडी के बुलेटिन के मुताबिक पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में 18 व 19 दिसंबर को शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट और ठिठुरन बढ़ सकती है। विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने, गर्म कपड़ों का उपयोग करने और बुजुर्गों व बच्चों की अतिरिक्त सुरक्षा के निर्देश दिए हैं। आईएमडी ने परिवहन विभागों और आम लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा आवश्यक होने पर ही सुबह के समय यात्रा करने की अपील की है।
रोहतक में एक्यूआई @ 385 पहुँचा
हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर रूप से बढ़ गया है, जहां रोहतक 385 एक्यूआई के साथ सबसे ऊपर है। आंकड़ों के अनुसार रोहतक (385), मंडी गोविंदगढ़ (361), बागपत (336), दिल्ली (334) और नोएडा (331) शीर्ष पर हैं। सर्दी की ठंड, पड़ोसी राज्यों से आने वाली प्रदूषित हवा,वाहनों का धुआं प्रमुख वजहें हैं। इससे सांस, हृदय रोग और बच्चों में अस्थमा बढ़ रहा, हरियाणा के बहादुरगढ़ (303), पंचकुला (330) जैसे शहर प्रभावित। ऐसी स्थिति में मास्क पहनें, बाहर कम निकलें, एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल करें। सरकार को इंडस्ट्री पर सख्ती जरूरी।















