घर में घुसकर सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल से मारपीट का आरोप
हनुमानगढ़। सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती बीकानेर निवासी महेन्द्र सिंह (61) पुत्र मनीराम जाट ने इलाज के दौरान बयान दिया कि वह आरएसी 10 यूनिट से 30 जून 2025 को हेड कांस्टेबल पद से सेवानिवृत्त हुआ है। उसका पैतृक गांव आदर्शनगर (नौरंगदेसर) है और वह इन दिनों आदर्शनगर में अपने मकान का निर्माण करवा रहा था। महेन्द्र सिंह ने बताया कि 14 मार्च की रात करीब 10.30 बजे वह अपने भाई श्योकरण के मकान के बाहर बने कमरे में लेटा हुआ था। Hanumangarh News
उसी दौरान जयदेव पुत्र रूपराम, सुशील पुत्र रूपराम, वीरेंद्र पुत्र ओमप्रकाश, ख्यालीराम पुत्र धन्नाराम, जितेन्द्र पुत्र महावीर और मुनीदेवी पत्नी रूपराम वहां आए। आरोप है कि जयदेव और सुशील के हाथ में लोहे की रॉड तथा अन्य के हाथ में डंडे थे। सभी आरोपित कमरे में घुस गए और उसके साथ मारपीट करने लगे। महेन्द्र सिंह के अनुसार शोर मचाने पर उसका भाई श्योकरण, श्योपतराम और रघुवीर उर्फ गांधी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया। आरोप है कि हमलावर एक पिकअप वाहन, जिस पर बालाजी टेंट हाउस लिखा था, तथा एक मोटर साइकिल पर सवार होकर आए थे। बयान में यह भी बताया गया कि उसी दिन पहले जयदेव और सुशील का उसके भाई श्योकरण उर्फ मदन के साथ नोटिस को लेकर विवाद हुआ था और उसी रंजिश के चलते आरोपितों ने हमला किया। पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई राजाराम स्वामी को सौंपी गई है।
उधार के पैसे मांगने गए दो भाइयों से मारपीट
हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र के आदर्शनगर में उधार के पैसे मांगने गए दो भाइयों के साथ मारपीट करने और जातिसूचक गालियां देकर अपमानित करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी रिपोर्ट में जयदेव (33) पुत्र रूपराम मेघवाल निवासी वार्ड एक, आदर्शनगर ने बताया कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखता है। उसके पिता की वर्ष 2014 में हत्या हो चुकी है। प्रार्थी के अनुसार उसके पिता ने अपने जीवनकाल में मदन उर्फ श्योकरण गोदारा पुत्र नानूराम गोदारा निवासी वार्ड दो, आदर्शनगर को 70 हजार रुपए उधार दिए थे, जिनकी कई बार मांग करने के बावजूद वह टालमटोल करता रहा। Hanumangarh News
रिपोर्ट के अनुसार 14 मार्च की शाम करीब 7 बजे जयदेव अपने भाई सुशील कुमार के साथ उधार की राशि मांगने के लिए मदन गोदारा के घर गया। आरोप है कि वहां मौजूद मदन उर्फ श्योकरण गोदारा, महेन्द्र गोदारा, प्रेम गोदारा तथा मदन गोदारा की पत्नी ने दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्द कहे और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। प्रार्थी का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की पाइप से मारपीट की, जबकि मदन गोदारा की पत्नी ने बर्तन से सिर पर वार किया। इस दौरान आरोपियों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और मोबाइल फोन भी छीन लिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस तथा एससीएसटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एससीएसटी सेल सीओ करण सिंह कर रहे हैं।
शराब ठेके पर युवक से मारपीट व जातिसूचक गालियां देने का आरोप
हनुमानगढ़। शराब ठेके पर एक युवक के साथ मारपीट करने और जातिसूचक गालियां देकर अपमानित करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में रावतसर पुलिस थाना में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार पवन कुमार (32) पुत्र चेतराम मेघवाल निवासी वार्ड 5, गांव धन्नासर ने थाने में रिपोर्ट दी कि वह अनुसूचित जाति से संबंधित मजदूरी पेशा व्यक्ति है। 6 मार्च को सुबह करीब 10 बजे वह गांव धन्नासर के शराब ठेके पर सेल्समैन सुनील कुमार को खाना देने गया था।
रिपोर्ट में बताया गया कि उसी दौरान वहां विक्रम पुत्र रजीराम जाट और दूनीराम पुत्र पतराम जाट निवासी धन्नासर पहुंचे। आरोप है कि आते ही दूनीराम ने पवन कुमार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। इसके बाद दूनीराम ने उसकी गर्दन पकड़कर जमीन पर पटक दिया और गर्दन पर बैठ गया, जबकि विक्रम ने लाठी से पीठ, कूल्हों और हाथों पर कई वार किए। पीड़ित के अनुसार शोर सुनकर शराब ठेके का सेल्समैन सुनील कुमार पुत्र धर्मपाल मिरासी और गांधीराम पुत्र रामेश्वरलाल मेघवाल मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग गए। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने और ट्रैक्टर के नीचे दबाने की धमकी भी दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस तथा एससीएसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच रावतसर सीओ सुभाष गोदारा कर रहे हैं। Hanumangarh News
चना कटाई के ठेके पर आए मजदूरों में झगड़ा, एक पर जानलेवा हमले का आरोप
हनुमानगढ़। किसान की ओर से चना फसल की कटाई के लिए ठेके पर बुलाए गए दो मजदूरों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में नोहर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को दी रिपोर्ट में सुभाष (35) पुत्र काशीराम सहारण निवासी गांव खोपड़ा ने बताया कि वह खेती का कार्य करता है और अपनी कृषि भूमि में चने की फसल उगा रखी है। फसल कटाई के लिए उसने करीब 24 बीघा चने की फसल ठेके पर काटने के लिए लेखराम पुत्र धानूराम और हनुमान पुत्र रूपराम निवासी साहवा जिला चूरू को बुलाया था।
रिपोर्ट के अनुसार सुभाष 13 मार्च की शाम करीब 6 बजे दोनों मजदूरों को साहवा से लेकर आया और उन्हें खेत में छोड़कर घर चला गया। 14 मार्च की सुबह करीब 6.45 बजे लेखराम के फोन से सूचना मिली कि रात को हनुमान ने उसके साथ मारपीट की है और जान से मारने की नीयत से लाठी से सिर पर वार किए हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है और चलने की हालत में नहीं है। सूचना मिलने पर सुभाष मौके पर पहुंचा तो खेत में बने मकान के पास लेखराम घायल अवस्था में पड़ा था और उसके सिर से खून बह रहा था। इसके बाद परिजनों को बुलाकर उसे उपचार के लिए साहवा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर तारानगर रेफर कर दिया गया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि हनुमान ने रात में शराब के नशे में लेखराम के साथ मारपीट कर उसे गंभीर चोटें पहुंचाई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई शंकरलाल पारीक को सौंपी है। Hanumangarh News















