दंपती सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज
हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ ठगी कर खेत की ढाणी से सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में त्रिलोकचंद (57) पुत्र लीलूराम नायक निवासी अराईयांवाली ने बताया कि उसकी जमीन चक 3 एआरडब्ल्यू, अराईयांवाली में स्थित है। वर्ष 2025 में उसके पड़ोसी के माध्यम से सुखा सिंह और उसकी पत्नी सीता निवासी सैदों, जलालाबाद, पंजाब खेत में नरमा चुगाई के लिए आए थे, जिससे उनकी आपसी पहचान हो गई। Hanumangarh News
आरोप है कि सुखा सिंह ने प्लॉट खरीदने के नाम पर उससे 2 लाख रुपए नकद दिलवाए और उसकी 20 बीघा जमीन काश्त पर ले ली। साथ ही, ढाणी में रखे कृषि यंत्र व घरेलू सामान की जिम्मेदारी भी संभाल ली। प्रार्थी ने आरटीजीएस के माध्यम से भी उसके बताए खाते में राशि ट्रांसफर की, वहीं अन्य खातों में भी कई बार ऑनलाइन पैसे डलवाए।
रिपोर्ट के अनुसार 5 मार्च 2026 को जब प्रार्थी अपने खेत पहुंचा तो ढाणी खाली मिली और वहां पिकअप वाहन के टायरों के निशान थे। जांच करने पर पता चला कि सुखा सिंह, उसकी पत्नी व अन्य लोग वहां से फरार हो चुके हैं। प्रार्थी के अनुसार ढाणी से 5 केवी का जनरेटर, इन्वर्टर, बैटरियां, 200 लीटर डीजल से भरा ड्रम, घरेलू बर्तन, गैस सिलेंडर-चूल्हा सहित अन्य सामान चोरी हो गया। साथ ही आरोपियों ने पहले से ही धोखाधड़ी कर उससे लाखों रुपए भी ले लिए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पहले से ही साजिश रचकर उससे ठगी की और मौका पाकर ढाणी से सामान चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई नरेश कुमार के सुपुर्द की गई है। Hanumangarh News















