गाजियाबाद (सच कहूँ /रविन्द्र सिंह ) । राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद कमिश्नरेट के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के बुद्ध बाजार इलाके में एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पति ने अपनी पत्नी और उसके पुरुष मित्र की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। एसीपी ट्रोनिका सिटी ,सिद्धार्थ गौतम के मुताबिक, मृतकों की पहचान शबनम और उसके मित्र फहीम के रूप में हुई है। दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में बरामद किए गए। महिला के सिर के पास भारी मात्रा में खून पाया गया, जिससे गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जांच के दौरान कमरे में सोफे पर भी खून के निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि महिला को सोफे पर बैठी अवस्था में गोली मारी गई, जिसके बाद वह नीचे फर्श पर गिर गई। वहीं, फहीम का शव भी पास में ही खून से सना हुआ मिला। एसीपी ट्रोनिका श्री गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात से पहले तीनों ने साथ बैठकर खाना खाया था, जिसके बाद आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया। आरोपी की पहचान राशिद के रूप में हुई है।फिलहाल पंचायतनामा भर कर के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है । आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है ।















