ग्रेटर नोएडा (सच कहूँ न्यूज़) । ग्रेटर नोएडा स्थित श्योराण इंटरनेशनल स्कूल परिसर में ऐतिहासिक, गरिमामय एवं प्रेरणादायक वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। “वीरांगना” थीम पर आधारित यह कार्यक्रम नारी शक्ति, साहस, त्याग और आत्मसम्मान को समर्पित रहा, जिसने उपस्थित जनसमूह के हृदयों में अमिट छाप छोड़ दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आचार्य महामंडलेश्वर बालमुकुंद तथा स्कूल चेयरमैन उदयवीर सिंह ने डायरेक्टर सुशांत सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर मेघना सिंह और प्रधानाध्यापिका शक्ति दासी की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्साह, गरिमा और उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मन मोहा
वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वाद्य यंत्र संगीत एवं नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। नृत्य, नाटक और संगीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय इतिहास की महान वीरांगनाओं के अदम्य साहस और संघर्ष को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। रानी लक्ष्मीबाई, सावित्रीबाई फुले और झलकारी बाई जैसी वीर नारियों के पराक्रम का मंचन इस प्रकार किया गया कि दर्शक स्वयं को उस युग में अनुभव करने लगे।
नारी केवल सृजन की शक्ति ही नहीं, बल्कि संघर्ष और परिवर्तन की भी प्रतीक
प्रत्येक प्रस्तुति में कला के साथ एक सशक्त संदेश भी निहित था कि नारी केवल सृजन की शक्ति ही नहीं, बल्कि संघर्ष और परिवर्तन की भी प्रतीक है। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नन्हे कलाकारों की मनमोहक और सजीव प्रस्तुतियों ने भाव-विभोर कर दिया। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।













