हमसे जुड़े

Follow us

11.8 C
Chandigarh
Friday, February 6, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान नशे में धुत य...

    नशे में धुत युवकों ने लड़कियों के साथ नाचने से रोका तो परिवार पर किया हमला

    Hanumangarh News
    सांकेतिक फोटो

    महिला सहित दो घायल, सगाई कार्यक्रम के दौरान गली में लगा था डीजे स्टेज

    हनुमानगढ़। जंक्शन की भट्ठा कॉलोनी स्थित एक घर में रात्रि के समय हुए सगाई कार्यक्रम की खुशी में गली में लगे डीजे स्टेज पर डांस कर रही लड़कियों के साथ शराब के नशे में मदहोश आवारा प्रवृत्ति के कुछ युवक नाचने लगे। लड़कियों के साथ नाचने से मना किया तो यह युवक नाराज हो गए और परिवार पर हमला कर दिया। गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मारपीट के दौरान चोटें लगने से एक महिला सहित दो जने घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में तीन नामजद व सात-आठ अन्य युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है।

    पुलिस के अनुसार सीमा (40) पत्नी सतपाल सिकलीगर निवासी वार्ड 12, भट्ठा कॉलोनी, जंक्शन ने अपने जीजा रिछपाल (42) पुत्र इन्द्रसिंह सिकलीगर निवासी वार्ड 35, टिब्बी रोड, सिकलीगर मोहल्ला, टाउन के साथ थाना पहुंचकर लिखित रिपोर्ट पेश की कि छह जून को उसके लड़के जसविन्द्र सिंह उर्फ सुखविन्द्र व बेटी वर्षा की सगाई का प्रोगाम था। रात्रि को घर के आगे गली में डीजे पर वर्षा व रेणु डांस कर रही थीं। तभी रात्रि 10.45 बजे कार्तिक, अमन पुत्र राकेश, कालिया पुत्र किस्तु वाल्मीकि व 7-8 अन्य लड़के निवासी भट्ठा कॉलोनी, जंक्शन आए जो शराब के नशे में मदहोश थे।

    गली में शोर-शराबा सुनकर लोग इकट्ठे हो गए | Hanumangarh News

    यह सभी आते ही वर्षा व रेणु के साथ डीजे स्टेज पर डांस करने लगे। उसके लड़के जसविन्द्र सिंह उर्फ सुखविन्द्र सिंह व उसने इन लोगों को डांस करने से मना किया व कहा कि वे लड़कियों के साथ क्यों नाच रहे हैं। इतना कहते ही सभी गुस्सा हो गए और कहा कि वे उन्हें रोकने वाले कौन होते हैं। यह कहते हुए गाली-गलौज करने लगे। इतने में ही कार्तिक ने ईंट उठाकर उसके लड़के जसविन्द्र के सिर में मारी। इससे उसका लड़का नीचे गिर गया। उसने बीच-बचाव किया तो कार्तिक ने उसके साथ भी मारपीट की। फिर सभी ने उसकी देवरानी अनिता पत्नी जस्सा व देवर जस्सा के साथ भी थाप-मुक्कों से मारपीट की।

    इतने में गली में शोर-शराबा सुनकर लोग इकट्ठे हो गए। उसके पड़ोसी भोमली, काली, रमेश, रोहित आदि लोग आ गए। इन्होंने बीच-बचाव कर उक्त लड़कों से उन्हें छुड़वाया। बाद में थोड़ी देर बाद सूचना करने पर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने अनिता व जसविन्द्र सिंह उर्फ सुखविन्द्र सिंह को इलाज के लिए टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया। रविवार को उसके लड़के जसविन्द्र सिंह उर्फ सुखविन्द्र सिंह की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। उसे चिकित्सकों ने बीकानेर रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर तफ्तीश एएसआई कालूराम के सुपुर्द की है। Hanumangarh News

    ताले तोड़ घुसे सूने मकान में, जेवरात-नकदी व घरेलू सामान पर हाथ साफ