शिक्षकों के जरिए तैयार की जा रही शैक्षणिक उन्नयन कार्य योजना
हनुमानगढ़। राजकीय विद्यालयों के बोर्ड परीक्षा-2025 (Board Exam 2025) में विद्यार्थियों के शत प्रतिशत और गुणात्मक रूप से बेहतरीन परीक्षा परिणाम के लिए शिक्षा विभाग के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों के जरिए शैक्षणिक उन्नयन कार्य योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को क्या पढ़ाया जाना है और किस तरह पढ़ाया जाना है, इसके लिए विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से चर्चा कर विभिन्न विद्यालयों में कार्य योजना बनाई जा रही है जिसके आधार पर कमजोर विद्यार्थी उत्तीर्ण हो सके और जो विद्यार्थी पहले से ठीक है, वो अच्छे अंक ला सके। Hanumangarh News
इसी संबंध में पीलीबंगा ब्लॉक के अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रजनीश गोदारा ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पीलीबंगा में बोर्ड अध्यापन करवाने वाले शिक्षकों की बैठक ली। इसमें बोर्ड कक्षा आठवीं, दसवीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रखने के साथ-साथ दसवीं व 12वीं की परीक्षा में प्रथम श्रेणी, 75 प्रतिशत और 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने को लेकर मंथन किया गया। एसीबीईओ रजनीश गोदारा ने दैनिक व साप्ताहिक मूल्यांकन से विशेष उपलब्धि अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा, बाल सभा या प्रदर्शन बोर्ड पर ‘आज का सितारा’ के रूप में स्थापित कर सम्मानित व प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
उन्होंने बोर्ड में अध्यनरत प्रत्येक विद्यार्थी की नियमित उपस्थिति के लिए कक्षाध्यापकों व विषयाध्यापकों को अभिभावकों से लगातार संपर्क करने और प्रत्येक विद्यार्थी की उत्तरोत्तर प्रोग्रेस रिपोर्ट अभिभावकों व माता-पिता के साथ सांझा करने की अपील की। उन्होंने उल्लेखनीय स्कूल अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए नियमित रूप से पुरस्कृत करने को कहा ताकि अन्य बालकों का भी उत्साहवर्धन हो सके और वो बेहतरीन करने के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने बोर्ड अध्यापन करवाने वाले शिक्षकों को प्रत्येक बालक पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देने, गत वर्ष की परीक्षा परिणाम की तुलना में बेहतरीन परीक्षा परिणाम देने एवं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए पूरी लगन से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने परीक्षा से पहले विद्यार्थियों के मन से मानसिक दबाव कम करने एवं परिणाम के उन्नयन के लिए अधिकाधिक विकल्प प्रदान करने की आवश्यकता जताई ताकि बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतरीन प्राप्त हो सके। उन्होंने गत वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणाम अवलोकन के पश्चात नए लक्ष्यों का निर्धारण किया।
प्रतिभाशाली बालकों के उन्नयन के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पर बल
बैठक में विषय अध्यापकों की ओर से विशेष नोट्स बनाने, पाठ वाइज सीरीज व मॉडल प्रश्न पत्र तैयार करने, विगत बोर्ड परीक्षा में आए प्रश्न पत्रों व पठन सामग्री से विद्यार्थियों को पर्याप्त अभ्यास करवाने, बोर्ड की ओर से जारी प्रश्नपत्रों के ब्लूप्रिंट से विद्यार्थियों को अवगत करवाने, अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्नपत्र बालकों को हल करवाने, संपूर्ण पाठ्यक्रम को विभिन्न खण्डों में विभक्त कर साप्ताहिक व पाक्षिक मूल्यांकन करने, उनकी नियमित रूप से समीक्षा करने, कमजोर विद्यार्थियों के लिए पृथक से उपचारात्मक शिक्षण देने एवं प्रतिभाशाली बालकों के उन्नयन के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पर बल दिया गया।
तय किया अंक लाने का लक्ष्य | Hanumangarh News
एसीबीईओ रजनीश गोदारा ने बोर्ड के विषय अध्यापकों से कक्षा 10 में अध्यनरत 129 बालिकाओं में से 80 को प्रथम श्रेणी से, 20 बालिकाओं के 75 प्रतिशत से अधिक व चार बालिकाओं के 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने का लक्ष्य तय किया। इसी प्रकार 12वीं आर्ट्स में अध्ययनरत 121 बालिकाओं में से 105 बालिकाओं के प्रथम श्रेणी, 32 के 75 प्रतिशत व 7 के 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने का, 12वीं विज्ञान वर्ग में 33 में से 18 बालिकाओं के 75 प्रतिशत व 4 बालिकाओं के के 90 प्रतिशत से अधिक अंक एवं उच्च माध्यमिक कॉमर्स संकाय में 7 में से चार बालिकाओं के 75 प्रतिशत व दो बालिकाओं के 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया।
एसीबीईओ ने इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समस्त विषयों के बोर्ड अध्यापन करवाने वाले शिक्षकों से निश्चित कार्य योजना बनाकर शिक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने संस्था प्रधान सुप्रीत कौर एवं बोर्ड प्रभारी विनोद कुमार को इसके लिए कार्य योजना बनाकर विषय अध्यापकों को प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुप्रीत कौर, बोर्ड अध्यापन करवाने वाले विषय अध्यापक आभा, रीता पारीक, रीना, रविंद्र पाल कौर, शिक्षा सारण, संजय सुथार, विनोद कुमार, प्रीति राठौड़, रमा धानुका, समेस्ता इंदलिया, ओमप्रकाश बराला, रितिका इत्यादि मौजूद रहे।















