हादसों को निमंत्रण दे रहे जर्जर खंभे, कई बार अवगत करवाने के बावजूद नहीं हो रही सुनवाई
Dilapidated Poles Problem: ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। गांव नुहियांवाली में विद्युत विभाग की अनदेखी कभी भी किसी की जान पर भारी पड़ सकती है। लोगों का कहना है कि इस संबंध में विभाग को कई बार अवगत करवा दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। गांव में जगह-जगह जर्जर खंभे खड़े हैं जोकि कभी भी गिर सकते हैं। ग्रामीण पाला राम, लालचंद, भागाराम, प्रमोद कुमार, राजपाल, रामपाल, गुड्डी देवी, विजय कुमार आदि ने बताया कि गांव में जगह-जगह जर्जर खंभे खड़े हैं जोकि वर्षों पुराने हैं। इन खंभों की स्थिति ये है कि कोई ऊपर से जर्जर तो वहीं कोई नीचे। जिसके चलते वे कभी भी गिर सकते हैं। कहीं जगहों पर तो विभाग ने टूटे खंभों को यूं ही छोड़ रखा है जो महज तारों के सहारे खड़े हैं। Sirsa News
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जगह-जगह ढीली तारें भी हादसों को निमंत्रण दे रही हैं, लेकिन विद्युत विभाग इस ओर आँखें मूंदे हुए हैं। गांव में करीब 30 ऐसे खंभे हैं जो डेंजर पॉइंट हैं। इनमें एचटी, एलटी व ट्रांसफार्मर एच पोल शामिल हैं। इन जर्जर खंभों के ऊपर से हाई वोल्टेज व लो वोल्टेज दोनों लाइनें गुजरती हैं। ये खंभे फटकर जर्जर अवस्था में आ चुके हैं, जोकि कभी भी गिर सकते हैं। इसके अलावा लो वोल्टेज की तारों व अन्य उपकरणों की भी हालत खस्ता है।
”एचटी लाइनों के नीचे 9 मीटर की जगह 11 मीटर के खंभे लगाए जाएं”
ग्रामीणों ने विभाग से मांग करते हुए कहा कि जर्जर हो चुके खंभों को बदलकर उनकी जगह एचटी लाइनों के नीचे 9 मीटर की जगह 11 मीटर के खंभे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कुछ जगहों की बकायदा लोकेशन भेजकर भी अवगत करवा रखा है, लेकिन कई माह गुजरने के बाद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। वे इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री को शिकायत भेजेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि अगर इन खंभों की वजह से किसी की जानमाल का नुकसान हुआ तो इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। Sirsa News
हम इस बारे एसडीओ को कहकर चेक करवाते हैं। जो जरूरी है वो कार्य शीघ्र ही करवा दिए जाएंगे।
– धीरज कुमार, एक्सइएन (डीएचबीवीएन)
ऐसी बात नहीं कि हम कार्य नहीं कर रहे। 31 मार्च तक हमारी रिकवरी का समय है। उसके बाद एस्टीमेट बनाकर भेज देंगे। मैं लाइनमैन से जानकारी लेने के साथ-साथ खुद गांव में आकर जांच करूंगा। कुछ जगहों पर हमने खंभे लगाने की कोशिश भी की थी, लेकिन वहां लोगों ने एतराज जता दिया था। जिन जगहों पर अति डेंजर पॉइंट हैं वहां पर हम कार्य करवा देंगे। Sirsa News
– सोहन लाल, जेई (विद्युत निगम पंजुआना)















