मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा, एसपी के आदेश पर एफआईआर
Snatching: हनुमानगढ़। जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र में एक वृद्ध महिला के कान से सोने की बाली छीनकर भागने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जंक्शन थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार वार्ड 56, सुरेशिया निवासी बूटा सिंह पुत्र नसीब सिंह ने परिवाद में बताया कि उसकी वृद्ध माता मलकीत कौर 10 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे अस्पताल से दवाई लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान सुरेशिया में रविदास बावरी की दुकान के पास मोहम्मद नवाज पुत्र गुरुसिकंदर निवासी ढालिया ने उसकी माता के कान में पहनी सोने की बाली छीन ली और फरार होने लगा। Hanumangarh News
घटना के बाद मलकीत कौर ने शोर मचाया, जिस पर बूटा सिंह और मोहल्ले के अन्य लोगों ने आरोपी का पीछा किया और उसे बिजली बोर्ड के क्वार्टर्स के पास पकड़ लिया। बाद में आरोपी को सुरेशिया पुलिस चौकी ले जाया गया और वहां परिवाद भी सौंपा गया। परिवादी का आरोप है कि पुलिस ने उस समय कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की और न ही मुकदमा दर्ज किया गया तथा सोने की बाली भी बरामद नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को डाक के माध्यम से शिकायत भेजी। एसपी कार्यालय के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने मामले की जांच कर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई सुभाष चंद्र को सौंपी गई है। Hanumangarh News















