हमसे जुड़े

Follow us

17.5 C
Chandigarh
Saturday, February 21, 2026
More

    कनाडा के ब्रैंपटन शहर में 3.75 एकड़ में बनेगा भव्य और सुंदर गीता पार्क-

    • गीता पार्क में ब्रह्मसरोवर की तर्ज पर लगेगा श्रीकृष्ण अर्जुन रथ

    • मुख्यमंत्री मनोहर लाल व ब्रैंपटन शहर की काउंसिल ने प्रस्ताव किया पारित

    कुरुक्षेत्र। (सच कहूँ/देवीलाल बारना) पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों से प्रभावित होकर कनाडा के ब्रैंपटन शहर में 3.75 एकड़ में भव्य और सुंदर गीता पार्क बनाने का फैसला लिया गया है। यह प्रस्ताव कनाडा के ब्रैंपटन शहर की काउंसिल ने लिया है। इस प्रस्ताव पर ब्रैंपटन शहर के मेयर पैट्रिक ब्राउन और सभी कांउसलर ने अपनी मोहर लगाई है। अहम पहलू यह है कि इस गीता पार्क में ब्रह्मसरोवर कुरुक्षेत्र की तर्ज पर श्रीकृष्ण-अर्जुन रथ भी स्थापित किया जाएगा। इतना ही नहीं केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने इस प्रस्ताव के पारित होने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद व मेयर पैट्रिक ब्राउन का आभार व्यक्त किया है।

    कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने बातचीत करते हुए कहा कि गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद करीब 2 माह पहले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की तैयारियों को लेकर कनाडा गए थे। इस दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने ब्रैंपटन शहर में ट्रायस पार्क को गीता पार्क बनाने की चर्चा कनाडा ब्रैंपटन के मेयर और काउंसलर से की थी। इस चर्चा के बाद ही इस पार्क के निर्माण और नामकरण की कार्रवाई को शुरू कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र ही नहीं हरियाणा के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस गीता स्थली के गीता उपदेश अब कनाडा जैसे देशों में भी लोगों के जेहन में गूंजने लगे। इन उपदेशों से प्रभावित होकर ही कनाडा ब्रैंपटन शहर में काउंसिल की तरफ से करीब 3.75 एकड़ में भव्य और सुंदर गीता पार्क बनाने का फैसला लिया गया है।

    श्रीकृष्ण-अर्जुन रथ को भी स्थापित किया जा रहा

    मानद सचिव ने कहा कि ब्रैंपटन शहर की इस गीता पार्क में ब्रहमसरोवर कुरुक्षेत्र की तर्ज पर श्रीकृष्ण-अर्जुन रथ को भी स्थापित किया जा रहा है। इस रथ को कनाडा की सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से स्थापित किया जा रहा है। इस पार्क और रथ को स्थापित करने में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की राय भी ली जा रही है। उन्होंने ब्रैंपटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन और सभी काउंसलर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट से निश्चित ही अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को कनाडा जैसे देश में प्रमोशन मिलेगी, वहां के लोग भी इस पार्क व रथ को देखकर हरियाणा, कुरुक्षेत्र को देखने के लिए आएंगे और इससे पर्यटन में इजाफा होगा।

    16 सितंबर से शुरू होगा गीता महोत्सव

    पार्लियामेंट हिल ओटावा में 16 सितंबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव
    केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विशेष प्रयासों और जिओ कनाडा, जीटीए मंदिर, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं व जय श्री कृष्णा के तत्वाधान में कनाडा में 16 से 18 सितंबर 2022 तक अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव का शुभारंभ 16 सितंबर को पार्लियामेंट हिल ओटावा से होगा।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here