हमसे जुड़े

Follow us

23.3 C
Chandigarh
Monday, February 23, 2026
More
    Home देश प्रदूषण को का...

    प्रदूषण को काबू करने के लिए 114 टैंकर से पानी का छिड़काव करा रही सरकार: गोपाल राय

    Pollution, Delhi Air Quality

    नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि प्रदूषण को काबू करने के लिए दिल्ली में कई जगहों पर बड़े स्मॉग गन लगाए गए हैं और 114 टैंकर लगाकर पूरे दिल्ली में सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। राय ने धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने को लेकर पानी के छिड़काव के लिए आज यहाँ सचिवालय के बाहर टैंकरों को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिवाली के दिन पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ीं और कुछ लोगों द्वारा पटाखे जलाए गए, जिसकी वजह से दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है, जिसे काबू करने के लिए दिल्ली सरकार आपातकालीन कदम उठाते हुए सड़कों पर पानी का छिड़काव करा रही है। पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की कल करीब 3500 और आज करीब 4 हजार घटनाएं सामने आई हैं। प्रदूषण को काबू करने के लिए दिल्ली में कई जगहों पर बड़े स्मॉग गन लगाए गए हैं और 114 टैंकर लगाकर पूरे दिल्ली में सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही, मानदंडों का उल्लंघन पाए जाने पर 92 निर्माण साइट्स को सील करने के आदेश दिए गए हैं।

    पूरे दिल्ली के अंदर अभियान चलाया जा रहा है

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक माह पहले दिल्ली के अंदर वायु प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई को मजबूती से लड़ने के लिए विंटर एक्शन प्लान लांच किए थे। तभी से दिल्ली सरकार दिल्ली के लोगों के साथ मिलकर दिल्ली के अंदर के प्रदूषण को नियंत्रित करने पर काम कर रही है। चाहे वह धूल से होने वाला प्रदूषण हो, चाहे वाहनों से होने वाला प्रदूषण हो, चाहे बायोमॉस से होने वाला प्रदूषण हो या फिर चाहे पराली को गलाने के लिए बायो डि-कंपोजर घोल के छिड़काव का काम हो, पूरे दिल्ली के अंदर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिवाली के दिन पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की घटनाएं जिस तरह से बढ़ीं और दिल्ली में कुछ लोगों द्वारा पटाखे जलाए गए, उससे दिल्ली के अंदर प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है।

    पराली जलाने की घटनाएं 4 हजार पार

    पर्यावरण मंत्री ने कहा कि आज यह रिपोर्ट आई है कि पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। कल पराली जलाने की करीब 3500 घटनाएं दर्ज की गईं और आज अभी तक की रिपोर्ट है कि पराली जलाने की घटनाएं 4 हजार पार कर गई हैं। पराली जलने से होने वाले प्रदूषण का प्रभाव आज भी दिल्ली के उपर दिख रहा है। इसलिए तत्काल आपातकालीन कदम उठाते हुए दिल्ली सरकार की तरफ से दिल्ली की सड़कों पर पानी के छिड़काव काम शुरू किया गया है। कई जगहों पर बड़ी स्मॉग गन लगाई गई हैं और टैंकर के जरिए भी पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसी के तहत आज दिल्ली सचिवालय के बाहर हमने पानी के छिड़काव का काम शुरू किया है। पूरे दिल्ली के अंदर इसी तरह के 114 टैंकर लगाए गए हैं, जो दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर पानी का छिड़काव कर रहे हैं।

    दिल्ली सरकार ने कल एक बड़ा निर्णय लिया था

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने कल एक बड़ा निर्णय लिया है। दिल्ली के अंदर 92 ऐसी निर्माण साइट हैं, जिनका पिछले दिनों विभाग ने औचक निरीक्षण किया था और वहां पर दिल्ली सरकार की तरफ से जारी दिशा-निदेर्शों का उल्लंघन पाया गया था। उन सभी 92 निर्माण साइट को सील करने का आदेश दिया गया है। एसडीएम और डी पी सी सी को आदेश दिए गए हैं कि दिल्ली के अंदर जो भी धूल प्रदूषण पैदा करने वाली निर्माण साइट्स हैं, उनको बंद करा दिया जाए।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।