जाखल (तरसेम सिंह)। जाखल थाना क्षेत्र से गांव चूहड़पुर में शादी के डेढ़ माह बाद एक पत्नी अपनी सास और पति को नशीला पदार्थ देकर भाग गई। यह घटना बुधवार रात्रि की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। सुबह दोनों मां-बेटे को बेहोशी की हालत में जाखल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। बताया जाता है कि बुधवार रात को पत्नी के साथ उसका पति और सास घर पर मौजूद थे।
सुबह 8 बजे तक भी घर का दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इस पर पड़ोसियों ने घर की दीवार फांद कर दरवाजा खोला तो अंदर मां और बेटा बेसुध पड़े थे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल प्रभाव से डायल 112 को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचीं पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर दोनों को जाखल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया गया तो सुबह 3 बजकर 45 मिनट पर फुटेज में पत्नी 2 बैग पहले दीवार से बाहर गिराए, और बाद में गेट के ऊपर से कूदकर बाइक सवार 2 लड़कों के साथ जाती हुई दिखाई दी है।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के गांव चूहडपुर निवासी युवक गुरप्यार सिंह पुत्र गुरजंट की शादी करीब डेढ़ माह पहले रतिया क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की के साथ हुई थी। बुधवार रात को पत्नी और उसका पति गुरुप्यार सिंह व सास निर्मला घर पर थे। रात के समय पत्नी ने अपने पति और सास को खाने में नशीला या जहरीला पदार्थ खिला दिया। जिससे वह दोनों बेहोश हो गए। आसपास के पड़ोसियों ने बताया कि परिवार के सदस्य सुबह जल्दी उठ जाते हैं, लेकिन गुरुवार सुबह 8 बजे तक घर का दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने घर की दीवार फांद कर दरवाजा खोला तो मां और बेटे को बेसुध हालत में देखा, वहां सामान भी बिखरा हुआ देखा तो तुरंत गांव सरपंच प्रतिनिधि बिल्लू सिंह और पंच सुखा सिंह को सूचना दी। जिसके बाद डायल नंबर 112 पर कॉल की गई। तुरंत पुलिस ने मौका पर पहुंचकर दोनों को बेसुध हालत में एंबुलेंस के माध्यम से हस्पताल पहुंचाया। सरपंच प्रतिनिधि बिल्लू सिंह, पंच सुखा सिंह, पूर्व सरपंच सुखचैन सिंह, पूर्व पंच नेक सिंह, लड़के के चाचा गुरतार सिंह, गुरबख्श सिंह, दीपी सिंह इत्यादि ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्दी गिरफ्तार किया जाए। जाखल के सरकारी अस्पताल के डॉक्टर धर्मेंद्र ने बताया कि दोनों मां-बेटे को बेहोशी की हालत में अस्पताल में लाया गया था। दोनों के सैंपल लिए गए हैं। फिलहाल उन्हें दवा देकर प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है। बाद में उनकी हालत गंभीर देखते हुए अग्रोहा रेफर कर दिया गया।
जाखल थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार, गांव चुहुड़पुर निवासी गुरजंट सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। उसने बताया कि उनके बेटे गुरप्यार की शादी महज 2 महीने पहले रुपिंदर कौर से हुई थी। रुपिंदर का पहले से ही लवप्रीत नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी उसने अपने ससुराल पक्ष को नहीं दी थी।
उसने बताया कि गुरुवार सुबह गुरजंट सिंह अपने छोटे बेटे के साथ बाहर गए हुए थे। रुपिंदर कौर ने अपने प्रेमी लवप्रीत के साथ मिलकर अपने पति गुरप्यार और सास निर्मला को नींद की गोलियां खिला दीं। दोनों के बेहोश होने के बाद दोनों घर से नकदी और सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हरियाणा के डबवाली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से चोरी किया गया सोना और नकदी भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी की जा रही है।