हमसे जुड़े

Follow us

18.1 C
Chandigarh
Tuesday, February 3, 2026
More
    Home खेल Asian Games: ...

    Asian Games: भारतीय हॉकी टीम ने जापान को 4-2 से हराया

    Asian Games
    Asian Games: भारतीय हॉकी टीम ने जापान को 4-2 से हराया

    हांगझोउ (एजेंसी)। Asian Games 2023: हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों के पुरुष हॉकी मुकाबले के पहले राउंड में जापान को 4-2 से हराकर प्रतियोगिता में अपनी तीसरी जीत दर्ज की है। भारत की ओर से अभिषेक खेल के 13वें और 48वें मिनट में जबकि मनदीप सिंह ने 24वें मिनट में और अमित रोहिदास ने 34में मिनट में गोल दागे। वहीं, जापान की ओर से गेंकी मिटानी ने खेल के 57वें मिनट में और रयोसी काटो ने 60वें मिनट में 1-1 गोल किये।

    भारतीय टीम ने अपनी शानदार लय को जारी रखते हुए मुकाबले की शुरूआत से ही आक्रामक अंदाज में खेल का आगाज किया। खेल के 13वें मिनट में भारतीय खिलाड़ी जर्सी नंबर 5 अभिषेक ने फील्ड गोल कर पहले क्वार्टर में टीम को बढ़त दिलाई। इससे पहले भारतीय खिलाड़ियों ने खेल के पांचवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया था, लेकिन वह उसे गोल में तब्दील नहीं कर सके।

    Asian Games
    Asian Games: भारतीय हॉकी टीम ने जापान को 4-2 से हराया

    दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने एक और गोल कर अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। भारत के लिए यह गोल मनदीप सिंह ने खेल के 24वें मिनट में फील्ड गोल के जरिए किया। यह इस मैच का दूसरा फील्ड गोल था। इसके तुरंत बाद ही भारतीय टीम ने एक ओर पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन टीम इसे गोल में तब्दील नहीं कर सकी।

    पहले हाफ के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से लबरेज थी और उन्होंने खेल का तीसरा गोल कर अपने इरादे साफ कर दिए। भारत के लिए तीसरा गोल अमित रोहिदास ने दागा। तीसरे क्वार्टर में भारतीय डिफेंस ने गोल बचाने में में अपनी अहम भूमिका निभाई। खेल का अंतिम क्वार्टर भी भारतीय टीम के नाम रहा। मुकाबले के चौथे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ी अभिषेक ने अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

    जापान की टीम गोल की तलाश में लगातार संघर्ष करती हुई दिखाई दी, लेकिन भारतीय डिफेंडरों को भेद पाना उनके लिए आसान नहीं रहा। हालांकि, जापान की टीम को खेल के 57वें मिनट में पहली सफलता मिली। जापान की ओर से यह गोल गेंकी मिटानी ने किया। खेल का रोमांच यहीं नहीं रुका और जापान ने खेल के अंतिम क्वार्टर में एक और गोल किया। खेल के आखिरी मिनट में जापानी खिलाड़ी रयोसी काटो ने एक और गोल कर अपनी टीम के स्कोर में इजाफा कर दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम पूल एक में पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष पर पहुंच गई है। इससे पहले भारत ने उज्बेकिस्तान और सिंगापुर को एकतरफा मुकाबले में हराया था। भारतीय टीम अब अपना मुकाबला चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ शनिवार को खेलेगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here