हमसे जुड़े

Follow us

25.4 C
Chandigarh
Friday, February 27, 2026
More
    Home देश स्वास्थ्य बुन...

    स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने में राज्यों का मार्गदर्शन करना जरूरी: पीएम

    It is necessary to guide states in strengthening health infrastructure PM

    नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में कोरोना महामारी की दूसरी लहर के प्रकोप के मद्देनजर स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए इसमें राज्यों का मार्गदर्शन करने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री ने गुरुवार को देश में कोविड-19 से संबंधित स्थिति की एक बैठक में व्यापक समीक्षा की। उन्हें विभिन्न राज्यों और जिलों में कोविड के फैलने को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।

    मोदी को उन राज्यों के बारे में जानकारी दी गई, जहां एक लाख से अधिक मामले हैं। वहीं प्रधानमंत्री को इस बीमारी से सर्वाधिक प्रभावित जिलों के बारे में भी बताया गया। प्रधानमंत्री को राज्यों द्वारा स्वास्थ्य सेवा संबंधित बुनियादी ढांचे की तैयारी के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए प्रमुख संकेतकों के बारे में सहायता और मार्गदर्शन दिया जाना चाहिए।

    इसके अलावा त्वरित और समग्र रोकथाम उपायों को सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी चर्चा की गई। प्रधानमंत्री ने इस बात का उल्लेख किया कि राज्यों को ऐसे जिलों की पहचान करने के लिए एक परामर्श भेजा गया था, जहां संक्रमण के मामलों की संख्या 10 प्रतिशत या अधिक हैं और ऑक्सीजन-युक्त या आईसीयू बेड 60 प्रतिशत से अधिक भरे हुए हैं। मोदी ने दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्हें रेमडेसिविर सहित अन्य दवाओं के उत्पादन में तेजी से की जा रही बढ़ोतरी के बारे में जानकारी दी गई।

    प्रधानमंत्री ने अगले कुछ महीनों में टीकों का उत्पादन बढ़ाने के लिए टीकाकरण और रोडमैप की प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री को इस बारे में बताया गया कि राज्यों को लगभग 17.7 करोड़ टीके की आपूर्ति की जा चुकी है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने टीके की बर्बादी पर राज्यवार रूझानों की समीक्षा भी की। उन्हें यह बताया गया कि 45 साल से अधिक उम्र के लगभग 31 प्रतिशत लोगों को कम से कम टीके की एक खुराक दी जा चुकी है।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्यों को संवेदनशील बनाने की जरूरत है, जिससे टीकाकरण की गतिधीमी न हो। लॉकडाउन के बावजूद टीकाकरण के लिए नागरिकों को सुविधा प्रदान की जानी चाहिए और टीकाकरण में शामिल स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरे कामों में नहीं लगाना चाहिए। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, सहित अन्य मंत्री तथा अनेक शीर्ष अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।