हमसे जुड़े

Follow us

10.2 C
Chandigarh
Friday, February 6, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी कुलदीप नैयर प...

    कुलदीप नैयर पंचतत्व में विलीन

    Kuldeep Nayyar

    राष्टपति कोविंद, पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया

    नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय पत्रकारिता के शिखर पुरुषों में एक कुलदीप नैयर (Kuldeep Nayyar) का बुधवार रात यहां निधन हो गया और आज अपराह्न लोधी रोड श्मशान गृह में उनकी अंत्येष्टि कर दी गई। वह 95 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं।

    यूनाइटेड न्यूज आफ इंडिया (यूएनआई) के मुख्य संपादक एवं महाप्रबंधक रहे नैयर का बुधवार को मध्य रात्रि के बाद यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह काफी दिनों से बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे।

    राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और देश के जाने-माने पत्रकारों ने नैयर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उनके देहावसान को भारतीय पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

    नैयर (Kuldeep Nayyar) के निधन की खबर मिलते ही बड़ी तादाद में उनके मित्र, प्रशंसक और पत्रकार उनके आवास पर जुटने शुरू हो गए। उनका पार्थिव शरीर दोपहर बाद करीब एक बजे लोधी रोड़ स्थित श्मशान घाट लाया गया जहां विद्युत शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

    इस मौके पर पूर्व उपराष्ट्रपति डाक्टर अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और जाने-माने पत्रकार अरुण शौरी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डी राजा, वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा, पंजाब केसरी के मुख्य संपादक और सांसद अश्विनी चोपड़ा और जाने-माने पत्रकार आलोक मेहता समेत मीडिया जगत की कई बड़ी हस्तियां और श्री नैयर के परिजन मौजूद थे।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें