हमसे जुड़े

Follow us

22.1 C
Chandigarh
Friday, February 6, 2026
More
    Home राज्य पंजाब मोगा में जीएस...

    मोगा में जीएसटी का विरोध कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज, कई घायल

    Farmers, GST, Police, Lathi Charge, Protest, Punjab

    जबरन डीसी दफ्तर में घुसने का प्रयास

    मोगा/ संगरूर (सच कहूँ न्यूज)। कृषि यंत्रों पर लगाए गए जीएसटी के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों पर मोगा में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। किसान यहां गिरफ्तारियों देने आए थे। उन्हें काफी देर तक गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे जबरन डीसी कार्यालय में घुसने की कोशिश करने लगे। इसके बाद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। इसमें कई किसान घायल हो गए। संगरूर में भी किसानों ने प्रदर्शन किया और गिरफ्तारियां दीं। यहां भी किसानों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई।

    किसान संगठनों ने कृषि यंत्रों पर जीएसटी लगाए जाने के खिलाफ बुधवार को प्रदर्शन करने और गिरफ्तारियों देने का एलान किया था। बड़ी संख्या में किसान बस अड्डे के पास इकट्ठा हुए और प्रदर्शन करने लगे। करीब एक घंटे तक जब उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई तो वे प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय के बाहर पहुंचे। इस दौरान वे सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इसके बाद भी प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दिखाई गई तो किसानों ने जबरन डीसी कार्यालय में घुसने का प्रयास किया।

    जिद्द पर अड़े रहे किसान

    इस पर वहां पुलिसकर्मियों ने किसानों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं माने। किसान अपनी गिरफ्तारियों देने और डीसी कार्यालय में घुसने पर अड़े रहे। पुलिस ने किसानों की इसे मानने से इन्कार कर दिया तो उनके बीच धक्कामुक्की होने लगी।

    लाठीचार्ज कर खदेड़े

    इसके बाद ने पुलिस को लाठीचार्ज कर किसानों को खदेड़ने लगी। इससे कई किसान घायल हो गए। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी (सिटी) गोबिंदर सिंह ने विरोध जता रहे किसानों से बातचीत के जरिए माहौल को शांत करने का प्रयास किया। किसान अपनी मांगों को पूरा करने या गिरफ्तार करने की जिद्द पर अड़े रहे।

    कृषि से हटाया जाए जीएसटी

    भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के जिला प्रधान तूर्थ सिंह धर्मकोट ने कहा कि किसान पहले से आर्थिक तंगी का शिकार होकर आत्महत्याएं करने को मजबूर हैं और ऊपर से केंद्र सरकार ने कृषि यंत्रों पर जीएसटी लगा दिया है। किसानों के पक्ष की बात करने वाली केंद्र सरकार ने किसानों का कर्ज माफ करने के बजाए किसानों पर और अधिक वित्तीय भार बढ़ा दिया है। इसे किसान सहन नहीं करेंगे।

    किसानों ने दी गिरफ्तारियां

    संगरूर में भी किसान संगठनों ने एकत्रित होकर कृषि यंत्रों पर जीएसटी लगाने के खिलाफ धरना दिया और प्रदर्शन किया। किसानों ने गिरफ्तारियां भी दीं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। किसानों ने प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने से पूर्व पार्टी के नेता व वर्कर स्वतंत्रता भवन में एकत्रित हुए। यहां से वे लाल बत्ती चौक से होते हुए डिप्टी कमिश्नर के दफ्तर के समक्ष पहुंचे।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।