हमसे जुड़े

Follow us

23.6 C
Chandigarh
Monday, March 16, 2026
More
    Home देश Gas Cylinder ...

    Gas Cylinder Supply Issues: सरसा में ‘घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर आई बड़ी अपडेट!

    Sirsa News
    Gas Cylinder Supply Issues: सरसा में ‘घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर आई बड़ी अपडेट!

    ”घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं, सप्लाई सामान्य रूप से जारी”

    Gas Cylinder Supply Issues: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। शहर में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले एक सप्ताह से उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि सुबह होते ही एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग जाती हैं और लोग देर शाम तक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आते हैं। रविवार को भी शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों के बाहर बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए पहुंचे। लेकिन अवकाश होने के कारण एजेंसियों के गेट बंद मिले। Sirsa News

    एजेंसी संचालकों ने गेट पर अवकाश का नोटिस भी चस्पा किया था। कई उपभोक्ता सिलेंडर न मिलने से परेशान होकर एजेंसी मालिकों से शिकायत करते नजर आए। भूपेंद्र गैस एजेंसी के संचालक भूपेंद्र गुप्ता ने उपभोक्ताओं को बताया कि अवकाश के कारण रविवार को सप्लाई बंद रही। कर्मचारियों और ड्राइवरों की कमी के कारण भी सिलेंडरों का वितरण नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि सोमवार से नियमित रूप से सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

    किसान रसोई और लंगर सेवा भी प्रभावित

    कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने के कारण शहर की अनाज मंडी में संचालित किसान रसोई पर फिलहाल ताला लग गया है। इससे मंडी में आने वाले किसानों और मजदूरों को परेशानी हो रही है। डबवाली रोड स्थित हरि भोजन फ्री लंगर सेवा के संचालकों ने बताया कि बाजार में कॉमर्शियल सिलेंडर ब्लैक में 2 से 3 हजार रुपये तक में मिल रहा है, जिससे लंगर सेवा चलाना मुश्किल हो गया है।

    कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई शुरू करने की तैयारी

    जिले में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पिछले एक सप्ताह से प्रभावित है। इसे दोबारा शुरू करने के लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से कमेटी गठित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि होटल, रेस्तरां, ढाबा और रेहड़ी संचालकों को परेशानी न उठानी पड़े।

    फूड कोर्ट और रेहड़ियों पर पड़ा असर

    कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी का असर शहर के छोटे कारोबारियों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कॉलेजों के आसपास लगने वाली बर्गर, चाउमीन और फास्ट फूड की रेहड़ियां अब कम नजर आ रही हैं। रेहड़ी संचालकों के अनुसार उनका कारोबार करीब 70 प्रतिशत तक प्रभावित हुआ है। वहीं मिठाई और फास्ट फूड की दुकानों में भी ग्राहकों की संख्या कम होने से 25 से 35 प्रतिशत तक व्यापार घट गया है।

    डीएफएसई ने किया निरीक्षण, स्टॉक मिला सामान्य

    गैस सिलेंडरों की किल्लत की शिकायतों के बाद जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता नियंत्रक हरवीर सिंह ने हरियाणा गैस सर्विस सरसा, कसौली गैस सर्विस सरसा और भूपेंद्र गैस सर्विस सरसा का निरीक्षण किया। इस दौरान एजेंसियों के स्टॉक और रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें स्थिति सामान्य पाई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और तय दर पर ही सिलेंडर की राशि का भुगतान करें। यदि कोई व्यक्ति निर्धारित दर से अधिक पैसे मांगता है तो इसकी शिकायत विभाग को दी जा सकती है।

    डीजल भट्टी की ओर बढ़ा रुझान

    कॉमर्शियल गैस की कमी के कारण कई दुकानदार अब डीजल भट्टी का सहारा लेने लगे हैं। शिव चौक से वाल्मीकि चौक के बीच स्थित भानू पकौड़े की दुकान के संचालक नीरज कुमार ने बताया कि गैस खत्म होने के कारण उन्हें एक दिन दुकान बंद करनी पड़ी। इसके बाद मजबूरी में डीजल भट्टी लगानी पड़ी। वहीं जितेंद्र पकौड़े के संचालक विक्रम ने बताया कि पहले दुकान पर इतनी भीड़ रहती थी कि बैठने तक का समय नहीं मिलता था, लेकिन अब काम लगभग आधा रह गया है। डीजल भट्टी लगवाने में करीब 15 हजार रुपये खर्च आ रहा है और बाजार में ब्लोअर भी आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहा। Sirsa News