हमसे जुड़े

Follow us

22.1 C
Chandigarh
Friday, February 6, 2026
More
    Home खेल सायना-प्रणीत ...

    सायना-प्रणीत ने सेमीफाइनल में किया प्रवेश

    Saina Nehwal, B Sai Praneeth, Enter, Semifinals, Badminton

    11वें नंबर की सायना का 132वें नंबर की सुजुकी के खिलाफ था पहला करियर मुकाबला

    बैंकाक (एजेंसी)। लंबे समय से एक अदद खिताब की तलाश में लगी भारत की सायना नेहवाल ने जापान की हारुको सुजुकी को शुक्रवार को कड़े संघर्ष में 21-15, 20-22, 21-11 से हराकर थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली। दूसरी वरीयता प्राप्त सायना ने जापानी खिलाड़ी से अपना मुकाबला एक घंटे नौ मिनट के संघर्ष में जीता। विश्व रैंकिंग में 11वें नंबर की भारतीय खिलाड़ी का 132वें नंबर की सुजुकी के खिलाफ यह पहला करियर मुकाबला था और इसे जीतने में उन्हें पूरा पसीना बहाना पड़ा।

    सायना का थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान से मुकाबला होगा

    सायना ने पहला गेम लगातार बढ़त बनाकर 21-15 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में सायना के पास एक मैच अंक था लेकिन सुजुकी ने लगातार तीन अंक लेकर 22-20 से यह गेम जीत लिया। निर्णायक गेम में सायना ने 9-8 के स्कोर के बाद अपना पूरा अनुभव झोंका और लगातार अंक बटोरते हुए 21-11 से गेम तथा मैच अपने नाम किया। सायना का सेमीफाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान से मुकाबला होगा जिनके खिलाफ भारतीय खिलाड़ी का 3-0 का रिकार्ड है। सायना ने बुसानन को गत वर्ष आॅल इंग्लैंड चैंपियनशिप में हराया था। बुसानन विश्व रैंकिंग में 13वें नंबर की खिलाड़ी हैं।

    इससे पूर्व तीसरी वरीयता प्राप्त भारत के बी साई प्रणीत ने भारतीय चुनौती का दारोमदार मजबूती से संभालते हुए शुक्रवार को यहां थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरुष एकल सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय शटलर प्रणीत ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में थाईलैंड के कांताफोन वांगचेरोन को लगातार गेमों में 21-16, 21-17 से पराजित किया। विश्व के 24वें नंबर के पुरुष खिलाड़ी ने 102वीं रैंकिंग के थाई खिलाड़ी को 50 मिनट तक चले मुकाबले में आसानी से हराया।

    प्रणीत का साइनसोमबूनसुक और थोंगनुम के बीच होने वाले मैच विजेता से होगा

    प्रणीत का इसी के साथ वांगचेरोन के खिलाफ करियर में 2-0 का एकतरफा रिकार्ड हो गया है। भारतीय खिलाड़ी ने गत वर्ष इंडोनेशिया मास्टर्स में भी थाई खिलाड़ी को हराया था। पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच 1-1 और फिर 4-4 पर बराबरी हुई। लेकिन इसके बाद गैर वरीय खिलाड़ी फिर बुरी तरह पिछड़ गए और प्रणीत ने 8-4 और 19-10 की एकतरफा बढ़त बनाई। उन्होंने इस गेम में लगातार चार अंक लिए और चार गेम अंक भी जीते।

    दूसरे गेम में भी भारतीय खिलाड़ी ने इसी तरह प्रदर्शन किया और 7-3 से शुरुआती बढ़त ली। इसके बाद लगातार सात अंक लेकर प्रणीत ने 16-8 की बढ़त बनाई और फिर 20-14 पर बढ़त बनाई। उन्होंने इस गेम में चार गेम अंक जीते जबकि थाई खिलाड़ी दोनों गेम में एक भी गेम अंक नहीं जीत सके। टूर्नामेंट में एकमात्र भारतीय पुरुष खिलाड़ी बचे प्रणीत का अब सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय तानोंगसाक साइनसोमबूनसुक और पन्नावित थोंगनुम के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से मुकाबला होगा।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।