हमसे जुड़े

Follow us

30.3 C
Chandigarh
Tuesday, March 24, 2026
More
    Home देश संदीप ने कड़ी ...

    संदीप ने कड़ी मेहनत की बदौलत वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज करवाया अपना नाम

    Bhiwani News
    Bhiwani News: संदीप ने कड़ी मेहनत की बदौलत वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज करवाया अपना नाम

    भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। Bhiwani News: इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत के दम पर इंसान नामुमकिन को भी मुमकिन कर सकता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है गांव लोहरवाड़ा निवासी संदीप ने, जिन्होंने अपनी मैराथन दौड़ से ना केवल अपने गांव का नाम रोशन किया है, बल्कि डीबीआर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया है। संदीप ने लोहरवाड़ा गाँव से अपनी दौड़ शुरू की और लगातार 51 घंटे और 51 मिनट तक दौड़ते रहे। इस दौरान उन्होंने बिना रुके दिन-रात अपनी यात्रा जारी रखी।

    संदीप के इस जज्बे को देखते हुए डीबीआर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने उनके इस प्रयास को विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता दी है। गौरतलब है कि इस श्रेणी में इससे पहले कोई भी विश्व रिकॉर्ड दर्ज नहीं था, जिसे अब संदीप ने अपने नाम कर लिया है। रिकॉर्ड बनने के बाद एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें संस्था की ओर से संदीप को आधिकारिक अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डीबीए वर्ल्ड बुक आॅफ रिकॉर्ड के चीफ एडिटर अधिवक्ता शिव कुमार बेडवाल, जूरी के चेयरमैन अधिवक्ता मांगेराम तोंदवाल, ज्यूरी के सदस्य अधिवक्ता सुशीला कांटीवाल, अधिवक्ता अजय सभ्रवाल, सदस्य अधिवक्ता विजय सिंह, राहुल रंगा, सानिया, पवन लोहरवाड़ा, मोनू धनखड़ भाजपा जिला प्रभारी, एडवोकेट अमित भुक्कल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

    फिटनेस व अनुशासन के दम पर पाया जा सकता है हर मुकाम: संदीप

    इस मौके पर संदीप ने कहा कि उनका लक्ष्य हमेशा से कुछ अलग करने का था। वे अपने गाँव और क्षेत्र के युवाओं को यह संदेश देना चाहता है कि फिटनेस और अनुशासन के बल पर हम किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। यह रिकॉर्ड सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि मेरे गांव के उन सभी लोगों का है जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। इस मौके पर एडवोकेट शिवकुमार बेडवाल ने कहा कि संदीप ने अपनी मेहनत व प्रतिभा के बल पर जो उपलब्धि हासिल की है, वह बहुत से युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनेगी। Bhiwani News