सड़क से यमुना तक एसपी ने बारीकी से परखी सुरक्षा-व्यवस्था

Kairana News
Kairana News: सड़क से यमुना तक एसपी ने बारीकी से परखी सुरक्षा-व्यवस्था

कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते हुए यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी पर पहुंचे एसपी रामसेवक गौतम

  • सुरक्षा-व्यवस्था का गहनता से लिया जायजा, मातहतों को सतर्क रहकर उत्तरदायित्व का निर्वहन करने के दिये निर्देश

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: एसपी शामली रामसेवक गौतम कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते हुए यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना नदी पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने यमुना घाट पर स्थानीय पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। एसपी ने कांवड़ मेले में तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए है। Kairana News

श्रावण मास के शुरू होते ही हरिद्वार से पवित्र गंगाजल भरकर अपने गंतव्यों की ओर जाने वाले पैदल शिवभक्तों की संख्या में इजाफा होने लगा है। वहीं, कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आ रहा है। इसी क्रम में रविवार को प्रातः करीब 11 बजे एसपी शामली रामसेवक गौतम कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते हुए यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने स्थानीय पुलिस-प्रशासन द्वारा शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

ड्रोन कैमरे से जानी कांवड़ मार्ग की स्थिति | Kairana News

एसपी ने यमुना ब्रिज पर ड्रोन कैमरा उड़वाकर कांवड़ मार्ग की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्रोन के माध्यम से हरियाणा की ओर स्थित ब्रिज के अंतिम छोर व यमुना बांध के आसपास की स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को यमुना घाट पर निरन्तर गश्त करने व अलर्ट रहने को कहा।

उन्होंने ब्रिज पर स्थित पुलिस चौकी के अंदर बनाए गए सीसीटीवी के कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। एसपी ने सीसीटीवी कैमरों से चारों ओर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लागू किये गए ट्रैफिक डायवर्जन को सख्ती के साथ पालन कराने हेतु निर्देशित किया। Kairana News

लाइफ जैकेट पहनकर मोटरबोट में सवार हुए एसपी

रविवार को यमुना बॉर्डर पर पहुंचे एसपी रामसेवक गौतम ने केवल सड़क मार्ग का ही नही, बल्कि पानी में की गई व्यवस्थाओं का भी गहनता से जायजा लिया। एसपी लाइफ जैकेट पहनकर शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए लगाई गई पीएसी की मोटर बोट में सवार हो गए।

इसके पश्चात, उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों एवं पीएसी के जवानों के साथ में यमुना नदी की सैर की। एसपी ने यमुना घाट पर शिवभक्तों के सुरक्षित स्नान के लिए कराई गई बैरिकेडिंग का भी जायजा लिया। उन्होंने यमुना घाट पर स्नान करने वाले शिवभक्तों को गहरे पानी में जाने से बचने के लिए निरंतर अनाउसमेंट करते रहने को कहा।

मुस्तैदी से उत्तरदायित्व का निर्वहन करने के दिये निर्देश

यमुना घाट पर की गई व्यवस्थाओं के निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराना पुलिस-प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। कैराना से हरियाणा, राजस्थान व दिल्ली आदि जगहों के लिए लाखों शिवभक्त कांवड़िए होकर गुजरेंगे। ऐसे में यहां से गुजरने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस-प्रशासन का उत्तरदायित्व बनता है। Kairana News

एसपी ने कांवड़ मेले में लगे पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ में अपनी ड्यूटी करने को कहा है। साथ ही, ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्यवाही के लिए भी चेताया है। इस दौरान सीओ श्यामसिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, यमुना ब्रिज चौकी प्रभारी एसआई अशोक कुमार आदि मौजूद रहे

शिवभक्तों से किया संवाद, पूछा मार्ग में कोई दिक्कत तो नही

एसपी ने अपने गंतव्यों की ओर बढ़ रहे पैदल शिवभक्तों से कांवड़ मार्ग पर की गई व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी की। उन्होंने पूछा कि कांवड़ मार्ग पर पदयात्रा के दौरान किसी प्रकार की कोई समस्या तो नही हुई, जिस पर कांवड़ियों ने संतुष्टिजनक जवाब दिया। शिवभक्तों ने कांवड़ मार्ग पर की गई सुरक्षा व्यवस्था व रुट डायवर्जन पर पुलिस-प्रशासन की प्रशंसा की। इस अवसर पर नगरपालिका ईओ समीर कश्यप भी मौजूद रहे।

यमुना घाट पर तैनात किये गए पांच दर्जन गोताखोर

कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन ने किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजामात कर रखे है। प्रशासन की ओर से यमुना नदी पर करीब पांच दर्जन गोताखोर तैनात किए गए है। इनमें एक प्लाटून गोताखोर पीएसी के फ्लड ग्रुप के है, जिसमें करीब 32 गोताखोर जवान शामिल बताए गए है। इसके अलावा, 24 प्राइवेट गोताखोर भी कांवड़ियों की सुरक्षा में तैनात किए गए है। एक मोटरबोट को भी यमुना नदी पर रखा गया है। Kairana News

यह भी पढ़ें:– Special Sunday: पौने तीन सौ सालों का इतिहास खुद में समाए है हरियाणा का ये गाँव