हमसे जुड़े

Follow us

13.4 C
Chandigarh
Monday, February 2, 2026
More

    Road Accident: महिला को बचाने में थार पलटी, दूसरी लेन में जाकर कार पर गिरी

    Gharaunda News
    Gharaunda News: महिला को बचाने में थार पलटी, दूसरी लेन में जाकर कार पर गिरी

    मधुबन में अर्पणा अस्पताल के सामने हादसा, महिला गंभीर घायल, बड़ा हादसा टला

    घरौंडा (सच कहूँ/दिलबाग)। Gharaunda Road Accident News: करनाल में मधुबन के नजदीक अर्पणा अस्पताल के सामने बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हाइवे पार कर रही एक महिला को बचाने के प्रयास में थार कार अनियंत्रित होकर कई पलटे खाती हुई दूसरे हाइवे पर पहुंच गई और सामने से आ रही अल्टो कार के ऊपर जा गिरी। हादसा बेहद भयावह था, लेकिन गनीमत रही कि दोनों गाड़ियों में सवार लोगों की जान बच गई। हालांकि थार की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। Gharaunda News

    पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थार गाड़ी करनाल से पानीपत की तरफ जा रही थी। इसी दौरान यमुनानगर की रहने वाली महिला नीलम पैदल ही हाइवे क्रॉस कर रही थी। महिला अचानक सामने आ गई, जिसे देख थार चालक ने तुरंत ईमरजेंसी ब्रेक लगाए और महिला को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान महिला थार से टकरा गई और सड़क पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को बचाने के दौरान थार का संतुलन बिगड़ गया। थार तेज रफ्तार में कई पलटे खाती हुई पानीपत-करनाल साइड वाले हाइवे पर जा पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रही अल्टो कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

    टक्कर इतनी तेज थी कि थार अल्टो के बोनट पर जाकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। अल्टो कार में सवार व्यक्ति ने बताया कि वे कुरुक्षेत्र की ओर जा रहे थे। अचानक एक थार कार हवा में उड़ती हुई उनकी गाड़ी पर आ गिरी। उन्होंने बताया कि अगर कुछ सेकेंड की भी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। अल्टो में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि थार में सवार लोगों को भी चोटें लगी हैं, लेकिन सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

    महिला को पहले अर्पणा, फिर करनाल अस्पताल रेफर | Gharaunda News

    हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को पहले अर्पणा अस्पताल में भिजवाया गया। वहां से डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे करनाल के सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला अपने बच्चे से मिलने बच्चों वाली जेल आई हुई थी और हाइवे पार करते समय हादसे का शिकार हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बताया कि इस स्थान पर हाइवे पार करने के लिए फुट ओवरब्रिज बनाया गया है, लेकिन इसके बावजूद लोग लापरवाही बरतते हुए सड़क पार करते हैं, जिससे ऐसे हादसे हो रहे हैं।

    जांच में जुटी पुलिस

    मधुबन थाना प्रभारी गौरव पुनिया ने बताया कि महिला सड़क पार कर रही थी और थार से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे करनाल अस्पताल रेफर किया गया है। थार पलटकर दूसरी साइड चली गई थी और अल्टो से टकराई। अल्टो में सवार लोग सुरक्षित हैं। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

    यह भी पढ़ें:– क्षेत्र का चार इंजन की सरकार से किया जा रहा विकास- राजवीर दहिया