हमसे जुड़े

Follow us

12.2 C
Chandigarh
Thursday, February 5, 2026
More
    Home देश सरसा के व्यस्...

    सरसा के व्यस्ततम रोड़ी बाजार की सेंटर पार्किंग व्यवस्था पहले ही दिन विवादों में घिरी, जमकर हुआ हंगामा

    Sirsa News

    सिरसा (सच कहूँ न्यूज) । शहर के सबसे व्यस्त रोड़ी बाजार में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए नगरपरिषद द्वारा शुरू की गई सेंटर पार्किंग व्यवस्था पहले ही दिन विवाद में घिर गई। पार्किंग को लेकर दुकानदारों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। मौके पर पहुंचे नगरपरिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरूप और यातायात थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने दुकानदारों से बातचीत कर स्थिति संभाली और उनकी शंकाओं का समाधान किया। बातचीत के बाद दुकानदार इस व्यवस्था पर सहमत हो गए। Sirsa News

    नगरपरिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरूप ने बताया कि रोड़ी बाजार में सेंटर पार्किंग का निर्णय व्यापारियों से विचार-विमर्श के बाद ही लिया गया था। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपने वाहन सेंटर पार्किंग में ही खड़े करें, ताकि बाजार में लोगों की आवाजाही सुचारू रह सके। चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि यदि किसी दुकानदार द्वारा अतिक्रमण किया गया या दुकान के आगे रेहड़ी लगवाने की अनुमति दी गई, तो चालान किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से नगरपरिषद और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सदर बाजार में भी इस प्रकार की व्यवस्था पुलिस द्वारा की गई थी, लेकिन कुछ ही समय में पुलिस को इस व्यवस्था से किनारा करना पड़ा।

    यातायात थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने कहा कि बाजार में अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के कारण पूर्व में एक व्यक्ति की जान भी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि किसी भी बाजार के लिए सुगम आवाजाही बेहद जरूरी है, जिससे ग्राहक बिना परेशानी खरीदारी कर सकें। उन्होंने दुकानदारों से सेंटर पार्किंग व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग की अपील की और कहा कि यदि यह प्रयोग सफल रहा तो इसे शहर के अन्य बाजारों में भी लागू किया जाएगा। Sirsa News