‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, नितिन तुम्हारा नाम रहेगा’

Kairana News
Kairana News: 'जब तक सूरज-चांद रहेगा, नितिन तुम्हारा नाम रहेगा'

अग्निवीर नितिन प्रजापति की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, सेना में भर्ती ऊंचागांव निवासी युवक की दो दिन पूर्व प्रशिक्षण के दौरान ह्रदयघात से हो गई थी दुःखद मौत

  • जवान के पार्थिव देह को लेकर गांव में पहुंचे सेना के जवान, सैनिक सम्मान के साथ नम आंखों के बीच दी गई अंतिम विदाई

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: सेना में भर्ती ऊंचागांव के अग्निवीर नितिन प्रजापति की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान मृतक जवान को सैनिक सम्मान के साथ में नम आंखों के बीच अंतिम विदाई दी गई। जवान की अंतिम यात्रा के दौरान ‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, नितिन तुम्हारा नाम रहेगा। नितिन प्रजापति अमर रहे’ के उद्घोष से आकाश गूंज उठा। विगत सोमवार को नितिन प्रजापति का मध्यप्रदेश के सागर जिले में प्रशिक्षण के दौरान ह्रदयघात से निधन हो गया था। Kairana News

क्षेत्र के ऊंचागांव निवासी सतीश प्रजापति का पुत्र नितिन प्रजापति (24) इसी वर्ष अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था। युवक का विगत चार माह से मध्यप्रदेश के जनपद सागर में सेना का प्रशिक्षण चल रहा था। विगत सोमवार को प्रशिक्षण के दौरान युवक नितिन की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिस पर उसे उपचार के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत का कारण हार्टअटैक बताया जा रहा है। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। वह शव लाने के लिए मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो गए थे।

बुधवार प्रातः करीब साढ़े नौ बजे महार रेजीमेंट से सेना के जवानों का तीन सदस्यीय दल सूबेदार संजय कुमार के नेतृत्व में मृतक अग्निवीर नितिन प्रजापति के शव को एम्बुलेंस से लेकर ऊंचागांव पहुंचा। जवान का शव राष्ट्रध्वज तिरंगे से लिपटे सेना के ताबूत में रखा था। मृतक जवान का शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जवान के पिता, माँ, भाई, बहन व अन्य परिजन शव से लिपटकर खूब रोए, जिन्हें ग्रामीणों व रिश्तेदारों ने बामुश्किल ढांढस बंधाया। सूबेदार संजय कुमार ने मृतक जवान के पिता को सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज तिरंगा भेंट किया। शव के अंतिम दर्शनों के पश्चात मृतक जवान की अंतिम यात्रा शुरू हुई।

देशभक्ति से सरोबार हुआ पूरे गांव का माहौल | Kairana News

मृतक जवान के शव को परिजनों एवं ग्रामीणों के दर्शनों के पश्चात सेना के ट्रक में रखकर अंतिम संस्कार के लिए यूपी-हरियाणा सीमा पर यमुना किनारे स्थित श्मशान घाट पर ले जाया गया। जहां पर सेना के जवानों के सलामी दिए जाने के बाद शव को अग्नि के सुपुर्द कर दिया गया। जवान की अंतिम यात्रा में शामिल ग्रामीण बाइकों व कारों में सवार थे। वह अपने हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा लिए हुए थे।

ग्रामीण ‘भारत माता की जय, नितिन प्रजापति अमर रहे’ के नारे लगा रहे थे। मृतक जवान के छोटे भाई शुभम ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान मास्टर श्रीपाल चौहान, प्रधान प्रतिनिधि मोनू चौहान, जगरोशन प्रधान, राजेश प्रधान, रविन्द्र प्रधान, राजबीर उर्फ राजू प्रधान, अमित उर्फ मीता, संजय पंवार आदि मौजूद रहें।

सहारनपुर से पहुंचे सेना के आठ सदस्यीय दल ने दी सलामी

बुधवार को रिमाउंट ट्रेनिंग स्कूल एंड डिपो सहारनपुर से सेना के जवानों का आठ सदस्यीय दल उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नायब सूबेदार विनोद कुमार मौर्य के नेतृत्व में ऊंचागांव में पहुंचा। जहां पर उन्होंने अंतिम संस्कार से पूर्व मृतक जवान को सलामी दी। सेना के जवानों ने मृतक जवान के चरणों मे श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए। इस दौरान नॉन-कमीशन ऑफिसर(एनसीओ) हवलदार निकेश कुमार के अलावा योगेंद्र सिंह, विजय प्रताप, रवि कुमार, राकेश कुमार, आरके शिला, रबी सिंह मौजूद रहे।

पिता व नेत्रहीन माँ को बेटे के अग्निवीर होने पर गर्व

सेना में भर्ती अग्निवीर नितिन प्रजापति की आकस्मिक मौत से परिजनों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता सतीश व नेत्रहीन माँ प्रीति को बेटे के दुनिया से चले जाने पर गम तो है, लेकिन वह बेटे के अग्निवीर होने पर फक्र भी महसूस कर रहे है।

नितिन की मौत का गम माता-पिता तथा भाई-बहन के चेहरे पर स्पष्ट देखा जा सकता है। मृतक युवक नितिन तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। मृतक जवान की छोटी बहन साक्षी ने बीए कंपलीट कर लिया है। अब वह मेडिकल की पढ़ाई की तैयारी कर रही है, जबकि छोटे भाई शुभम ने इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की है। पिता गांव में ही मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे है। युवक की मौत से जहां परिवार गमजदा है। वहीं, पूरे गांव में शोक व्याप्त है। Kairana News

यह भी पढ़ें:– रतिया में रातभर चला पुलिस का एक्शन