Bhadrakali Fair: हनुमानगढ़। मां भद्रकाली मंदिर में चल रहे मेले में राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मेला स्थल पर मंगलवार को चैत्र नवरात्रि के छठे दिन हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) के सौजन्य से 201 कन्याओं को भोजन कराकर भंडारे का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस मौके पर गणेश राज बंसल की धर्मपत्नी एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष संतोष बंसल, नीलम मंगवाना, कुलवंत बलाड़िया, अमरीक सिंह, अमृतपाल सिंह, गगनजीत सिंह व राजेश जोशी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सपरिवार भंडारे में पहुंचकर कन्याओं का पूजन किया और उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन करवाया। Hanumangarh News
इसके उपरांत कन्याओं को दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। संतोष बंसल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या पूजन का विशेष महत्व है और इसे प्राचीन काल से देवी स्वरूप मानकर पूजने की परंपरा रही है। उन्होंने भद्रकाली मेले में हनुमानगढ़ सेवा समिति की ओर से पिछले लगभग 45 वर्षांे से निरंतर किए जा रहे सेवा कार्यांे की सराहना की। समिति के अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी और सेवा कार्यांे को आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही।
इससे पूर्व संतोष बंसल ने अपने परिवार सहित मां भद्रकाली के दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने माता से सभी को अन्न, वस्त्र, धन और समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की। हनुमानगढ़ सेवा समिति के सचिव सुनील धूड़िया ने बताया कि समिति की ओर से नवरात्रि के प्रथम दिन से ही भंडारा लगातार चलाया जा रहा है। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा, खोया-पाया केन्द्र और सुरक्षा, दर्शनों में सहयोग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
40 वर्षांे की नि:स्वार्थ सेवा को मिला गौरव | Hanumangarh News
मां भद्रकाली मंदिर में चल रहे भद्रकाली मेले के दौरान लंबे समय से नि:स्वार्थ सेवा दे रहे जोशी प्रिंटिंग प्रेस के संचालक राजेश जोशी को सम्मानित किया गया। मेला व्यवस्था में पिछले करीब 40 वर्षांे से प्रिंटिंग कार्य सहित विभिन्न सेवाएं नि:शुल्क प्रदान करने पर यह सम्मान दिया गया। इस मौके पर विधायक की धर्मपत्नी संतोष बंसल तथा मेला प्रभारी रामकुमार मंगवाना ने उन्हें साफा पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राजेश जोशी का यह समर्पण समाज सेवा की एक मिसाल है और ऐसे सेवाभावी लोगों से ही धार्मिक आयोजनों की व्यवस्थाएं सुदृढ़ बनती हैं। उनके योगदान को भद्रकाली मेले की परंपरा में विशेष स्थान प्राप्त है। Hanumangarh News















