हमसे जुड़े

Follow us

32 C
Chandigarh
Wednesday, March 25, 2026
More
    Home कारोबार Stock Market ...

    Stock Market Update: शेयर बाजारों पर दिखेगा औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों, तिमाही परिणामों का असर

    Share Market
    Share Market: शेयर बाजारों पर दिखेगा औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों, तिमाही परिणामों का असर

    मुंबई (एजेंसी)। Share Market: घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह लगातार चौथी साप्ताहिक तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के आंकड़ों और कंपनियों के तिमाही परिणामों पर होगी। अगले सप्ताह 28 अक्टूबर को आईआईपी के आंकड़े आने हैं। वहीं कई दिग्गज कंपनियों के तिमाही परिणामों की घोषणा भी होनी है। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन आॅयल के तिमाही परिणाम 27 अक्टूबर को जारी होंगे। इसके बाद 29 अक्टूबर को भेल, कोल इंडिया, एलएंडटी और सेल के परिणाम आयेंगे।

    अगले दिन 30 अक्टूबर को केनरा बैंक, सिप्ला, हुंडई इंडिया, एनटीपीसी और आईटीसी के तिमाही नतीजे जारी होने हैं। एसीसी सीमेंट, बीईएल, भारत पेट्रोलियम, गेल और मारुति सुजुकी के तिमाही नतीजे 31 अक्टूबर को आयेंगे। इसके अलावा निवेशकों की नजर भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता तथा अन्य वैश्विक कारकों पर भी रहेगी।

    बीते सप्ताह मंगलवार को दिवाली के मौके पर सिर्फ एक घंटे का मुहुर्त कारोबार हुआ जबकि बुधवार को बलिप्रतिपदा के अवसर पर अवकाश रहा। मुहुर्त कारोबार समेत पहले तीन दिन बाजार में तेजी रही जबकि शुक्रवार को गिरावट देखी गयी। इस दौरान, पहली बार बीच कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स 85,000 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 26,000 अंक के पार पहुंचने में सफल रहा। दोनों सूचकांक गुरुवार को रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुये थे। Share Market

    सेंसेक्स में साप्ताहिक बढ़त 0.31 प्रतिशत की रही और यह शुक्रवार को 84,211.88 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी-50 सूचकांक 0.33 प्रतिशत की साप्ताहिक मजबूती के साथ सप्ताहांत पर 25,795.15 अंक पर बंद हुआ। मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.41 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.72 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

    सप्ताह के दौरान सेंसेक्स की 30 में से 17 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गयी। इंफोसिस का शेयर सबसे अधिक 5.84 प्रतिशत चढ़ा। बजाज फिनसर्व में 3.69 फीसदी, एक्सिस बैंक में 3.49 और टीसीएस में 3.37 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 2.44 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.43, बीईएल का 2.22, बजाज फाइनेंस का 1.79, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का 1.75, एलएंडटी का 1.70 और भारतीय स्टेट बैंक का 1.69 प्रतिशत चढ़ गया। टाटा स्टील में 1.31 फीसदी, सनफार्मा में 1.22 फीसदी, आईटीसी में 1.21 फीसदी और टाइटन में 1.08 फीसदी की तेजी रही। इटरनल के शेयर में सबसे अधिक 4.70 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी। आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 4.26 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट का 3.65, अडानी पोर्ट्स का 3.41 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 3.35 प्रतिशत टूट गया। Share Market

    यह भी पढ़ें:– दुल्हन बनकर चढ़ना था डोली, लेकिन बारात आने से पहले घर से उठी अर्थी