सच कहूँ में लगातार प्रकाशित किया जा रहा है बेलगढ़ में हो रहे अवैध खनन का समाचार।
प्रतापनगर (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Pratap Nagar News: बेलगढ़ में हो रहे अवैध खनन को लेकर पंचायत विभाग भी हरकत में आया है और खंड विकास अधिकारी प्रताप नगर में कन्यावाला के सरपंच को नोटिस देकर अवैध खनन के लिया जवाब तलब किया है। इसके साथ ही ताजेवाला में भी पंचायती जमीन में खनन को लेकर जवाब तलब किया है।
खनन विभाग की निष्क्रियता के चलते लंबे समय से चल रहे अवैध खनन और सच कहूं में प्रकाशित समाचार के मामलों पर अब खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय प्रतापनगर ने सख्त रुख अपना लिया है। बीडीपीओ प्रतापनगर अभिषेक आनंद ने पंचायती जमीन पर अवैध खनन के मामलों में कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत ताजेवाला और कन्यावाला के सरपंचों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। Pratap Nagar News
बीडीपीओ कार्यालय प्रतापनगर द्वारा ग्राम पंचायत ताजेवाला को जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि पंचायत क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना प्राप्त होने के बाद पंचायत को अवगत कराया गया था। इसके पश्चात ग्राम पंचायत ताजेवाला द्वारा 31 दिसंबर 2025 को प्रस्ताव संख्या दो पारित किया गया।
वही 1 जनवरी 2026 को बीडीपीओ, एसईपीओ, ग्राम सचिव तथा चौकीदार की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ खसरा नंबरों में अवैध खनन होना पाया गया। प्रशासन के संज्ञान में मामला आने के बाद पंचायत की ओर से प्रस्ताव डाला गया । इस मामले में सरपंच ग्राम पंचायत ताजेवाला से तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ताजेवाला में पंचायती जमीन में तीन नामजद के खिलाफ शिकायत भी दी गई है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत कन्यावाला के सरपंच को भी नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि कन्यावाला क्षेत्र के बेलगढ़ में पंचायती जमीन पर अवैध खनन की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। इसके साथ ही पंजाब केसरी भी इस मुद्दे को लगातार प्रकाशित करता आ रहा है। विशेष रूप से गांव बेलगढ़ में पंचायती भूमि पर कुछ दिनों से अवैध खनन जारी रहने की जानकारी सामने आई है।
बीडीपीओ कार्यालय ने पंचायत को निर्देश दिए हैं कि पंचायत स्तर पर अवैध खनन रोकने के लिए तुरंत प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अब तक पंचायत द्वारा अवैध खनन रोकने के लिए जो भी कदम उठाए गए हैं, उनकी विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर खंड कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। Pratap Nagar News
ग्राम पंचायत कन्यावाला के अंतर्गत आने वाले गांव बेलगढ़ में अवैध खनन के मामले पर ग्राम पंचायत कन्यावाला के सरपंच रीशू शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गांव में करीब 110 से 130 एकड़ के लगभग पंचायती जमीन है, जिसकी अब तक विधिवत तरीके से निशानदेही नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि बिना निशानदेही के ये तय करना संभव नहीं है कि अवैध खनन पंचायत की जमीन पर हुआ है या किसी अन्य भूमि पर। सरपंच ने बताया कि पंचायत की ओर से वर्ष 2022 से लेकर अब तक लगातार पंचायती जमीन की निशानदेही के लिए प्रस्ताव भेजा जा रहा है,लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बिना निशानदेही पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे भी बने हुए हैं, जिससे स्थिति और अधिक जटिल हो गई है।
बीडीपीओ कार्यालय की इस कार्रवाई से यह संकेत मिल रहे हैं कि अब पंचायती जमीनों पर हो रहे अवैध खनन को लेकर प्रशासन सख्त रवैया अपनाने की तैयारी में है। आने वाले दिनों में अन्य पंचायतों में भी इस तरह की कार्रवाई की जा सकती है।
वही खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रताप नगर अभिषेक आनंद ने बताया कि ताजेवाला और कन्यावाला के सरपंचों को अवैध खनन को लेकर नोटिस दिया गया है। उन्होंने बताया कि निशानदेही और अवैध खनन पर कार्रवाई के लिए खनन विभाग और राजस्व विभाग को लगातार लिखा जा रहा है। Pratap Nagar News
यह भी पढ़ें:– Haryana: हरियाणा के इस जिले की बदल जाएगी तस्वीर, करोड़ों के प्रोजेक्ट, प्रॉपर्टी के दामों में आएगी तूफानी उछाल














