Water Supply Problem: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे शहर के कंगनपुर रोड स्थित दशमेश नगर के लोगों का गुस्सा वीरवार को सड़कों पर फूट पड़ा। पिछले करीब छह महीनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से परेशान महिलाओं ने कंगनपुर रोड पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया और प्रशासन व जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि वे कई बार संबंधित विभागों को शिकायत दे चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पानी की सप्लाई बंद होने से घरों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। नहाना, खाना बनाना और सफाई जैसे रोजमर्रा के कार्य भी मुश्किल हो गए हैं। Sirsa News
महिलाओं ने बताया कि मजबूरी में उन्हें 700 रुपये प्रति टैंकर के हिसाब से पानी मंगवाना पड़ रहा है, लेकिन बदहाल सड़कों के कारण अब टैंकर चालक भी इलाके में आने से मना कर रहे हैं। सड़कें इतनी खराब हैं कि दूध सप्लायर और गैस सिलेंडर वितरक भी क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर रहे।
पार्षद व नेताओं पर लगाए आरोप
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने वार्ड के नगर पार्षद पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे हर बार असमर्थता जताकर पल्ला झाड़ लेते हैं। सत्ताधारी नेताओं पर भी अनदेखी का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने भविष्य में वोट न देने की चेतावनी दी।
पेयजल समस्या ने जीवन किया अस्त-व्यस्त
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से चल रही इस समस्या ने उनकी जिंदगी को बेहद कठिन बना दिया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल पानी की सप्लाई बहाल करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि समाधान नहीं हुआ तो विरोध जारी रहेगा।
जाम से यातायात प्रभावित
सड़क जाम होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं नियमित जलापूर्ति बहाल होने तक जाम हटाने को तैयार नहीं हुईं। उनका कहना था कि घरों में पानी की एक बूंद तक नहीं है और अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे। Sirsa News















