आरोपियों के कब्जे से तमंचे-कारतूस व बिना नंबर की स्विफ्ट कार बरामद, घायल बदमाशों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल
- पकड़े गए दोनों बदमाश जनपद सहारनपुर के कुतुबशेर निवासी, एनकाउंटर के दौरान हेड कांस्टेबल रिंकू भाटी की बाजू में लगी बदमाशों की गोली
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Crime News: तीतरवाड़ा के जंगल में स्थित ईंख के खेत में लूट की योजना बनाते बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जबकि बदमाशों के दो साथी फरार होने में सफल रहे। एनकाउंटर के दौरान एक हेड कांस्टेबल के हाथ में बदमाशों की गोली लगी है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे व कारतूस तथा बिना नंबर की एक स्विफ्ट कार बरामद हुई है।
शुक्रवार को कोतवाली कैराना पुलिस को सूचना मिली कि बिना नम्बर की स्विफ्ट गाडी सवार चार बदमाश लूट के इरादे से क्षेत्र में घूम रहे है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम तीतरवाड़ा के जंगल में बदमाशों की घेराबंदी की। स्वयं को घिरता देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें पुलिस टीम में शामिल मुख्य आरक्षी रिंकू भाटी बाएं हाथ में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। Kairana News
मुठभेड़ में घायल बदमाशों व हेड कांस्टेबल को उपचार हेतु कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। पुलिस पूछताछ में घायल बदमाशों ने अपना नाम व पता जहांगीर व शाहरुख निवासीगण मानकमऊ थाना कुतुबशेर जनपद सहारनपुर बताए। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, 02 जिन्दा व 02 खोखा कारतूस तथा बिना नम्बर की एक स्विफ्ट कार बरामद हुई। मुठभेड़ में घायल बदमाश जहांगीर थाना कुतुबशेर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी बताया गया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान फरार हुए बदमाशों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। Kairana News
यह भी पढ़ें:– कन्यावाला पंचायत की 100 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा, सरपंच ने सीएम विंडो में दी शिकायत















