बारिश के बाद तापमान में गिरावट, तेज ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
हनुमानगढ़। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में आए बदलाव ने लोगों को फिर से ठंडक का अहसास करवा दिया है। रविवार को हुई हल्की बारिश व बूंदाबांदी के बाद सोमवार को सुबह से चली तेज ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह के समय लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए, वहीं दुपहिया वाहन चालकों को भी तेज हवाओं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। तापमान में एकाएक गिरावट दर्ज होने से पिछले कुछ दिनों से दोपहर में परेशान कर रही कड़ाके की धूप भी अब सुहानी लगने लगी है। Hanumangarh Weather News
हालांकि तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन दिनों किसान सरसों की कटाई में व्यस्त हैं, वहीं कई जगह तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से मौसम बदलने के संकेत दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 18 से 21 मार्च के दौरान एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 मार्च तक राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है।
18 से 21 मार्च के बीच फिर आंधी-बारिश के आसार | Hanumangarh Weather News
इसके बाद 18 से 21 मार्च के बीच सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ बारिश होने की संभावना है। 18 मार्च को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन व आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। वहीं 19 और 20 मार्च को इस विक्षोभ का प्रभाव अधिक रहने का अनुमान है। इस दौरान बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन, तेज आंधी और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है। Hanumangarh Weather News















