हमसे जुड़े

Follow us

17.5 C
Chandigarh
Saturday, February 21, 2026
More

    भारत की युवा पहलवान अंतिम पंघाल ने अंडर-20 चैंपियनशिप में जीता ऐतिहासिक स्वर्ण

    Antim Panghal

    सोफिया (बुल्गारिया) (एजेंसी)। भारत की युवा पहलवान अंतिम पंघाल अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला बन गयीं। अंतिम ने शुक्रवार को 53 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में कजाकस्तान की अल्तिन शगायेवा को 8-0 से धूल चटाई। भारतीय पहलवान ने डबल लेग अटैक से मैच की शुरूआत की और फिर एक टेकडाउन किया। ब्रेक तक उन्होंने 6-0 की बढ़त बना ली थी। अंतिम ने दूसरे हाफ में एक और टेकडाउन के साथ दो पॉइंट लेते हुए 8-0 पर मुकाबला समाप्त किया। अंतिम से पहले छह अन्य भारतीय पहलवान अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंच चुके हैं, लेकिन 17 वर्षीय अंतिम स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं।

    उन्होंने जीत के बाद कहा, “सबने यही कहा कि जापान सर्वश्रेष्ठ है। मैं जापान को हराना चाहती थी। मुझे काउंटर अटैक पसंद है लेकिन यहां जापानी प्रतिद्वंदी ज्यादा हमलावर नहीं थीं इसलिये मुझे स्वयं ही कुछ दांव खेलने पड़े।” एशियाई अंडर-20 चैंपियनशिप स्वर्ण, अंडर-17 विश्व कांस्य, अंडर-23 एशियाई रजत और पिछले महीने अपने सीनियर अंतरराष्ट्रीय पदार्पण पर ट्यूनीशिया में रैंकिंग सीरीज स्वर्ण पदक जीतने वाली अंतिम ने पूरे टूनार्मेंट में अपना दबदबा दिखाया। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में पहले यूरोपीय चैंपियन ओलिविया एंड्रिच को तकनीकी श्रेष्ठता (11-0) से हराया और फिर एक मिनट के भीतर क्वार्टर फाइनल में जापान की अयाका किमुरा को पिन किया। सेमीफाइनल में, अंतिम ने यूरोपीय अंडर-20 कांस्य पदक विजेता यूक्रेन की नताली क्लिवचुत्स्का को 11-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

    जापान 230 पॉइंट के साथ पहले स्थान पर रहा

    भारत के दो अन्य पहलवान शुक्रवार को फाइनल में पहुंचे थे लेकिन वे स्वर्ण पदक के लिए जापान की बाधा को पार करने में नाकाम रहे। टोक्यो ओलंपियन सोनम मलिक ने 62 किग्रा फाइनल में जापान की नोनोका ओजाकी से हारने के बाद रजत पदक से संतोष किया। दूसरी ओर, प्रियंका ने 65 किग्रा फाइनल में जापान की महीरो योशिटाके से हारने के बाद चांदी का तमगा जीता। इसी बीच, सीतो ने 57 किग्रा वर्ग में रेपेचेज के माध्यम से कांस्य जीतने के लिए अंडर-20 यूरोपीय चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता तुर्की की मेल्डा डनेर्की को 11-5 से हराया।

    अंडर-23 एशियाई चैंपियन रीतिका (72 किग्रा) ने ट्यूनीशिया की जैनब सगेयर को हराकर कांस्य पदक हासिल किया। भारत ने महिला फ्रीस्टाइल में कुल सात पदक (एक स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य) जीतते हुए महिला टीम रैंकिंग में 160 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। जापान 230 पॉइंट के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि अमेरिका ने 134 पॉइंट के साथ तीसरे पायदान पर जगह बनायी।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here