Rajasthan Crime: हनुमानगढ़। युवक पर घात लगाकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में सुधीर कुमार (35) पुत्र चन्द्रभान जाट निवासी मटोरियांवाली ढाणी ने बताया कि 20 मार्च की शाम करीब 6.50 बजे वह खेत से हरा चारा लेकर मोटर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे पवन कुमार उर्फ भाला पुत्र मुरलीधर निवासी मटोरियांवाली ढाणी ने उसकी मोटर साइकिल रोक ली और चाबी निकाल ली। Hanumangarh News
आरोप है कि आरोपी ने हाथ में लिए नुकीले हथियार से सुधीर की दाहिनी आंख पर वार किया और सिर पर भी जोरदार चोट मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने लात-घूसों से मारपीट की और कमर, हाथ व कोहनी पर भी वार किए। हमले में उसका जबड़ा टूट गया तथा जेब में रखे 220 रुपए भी निकाल लिए गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए लगातार हमला करता रहा। इसी दौरान उसके पिता, भाई सुशील और पड़ोसी सुनील मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देख आरोपी फरार हो गया।
परिजनों ने घायल अवस्था में उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान हाथ की हड्डी टूटने सहित आंख, रीढ़ व होंठ पर गंभीर चोटें पाई गईं। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोगों ने उस पर समझौते का दबाव भी बनाया, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई राजाराम स्वामी को सौंपी गई है। Hanumangarh News















