हमसे जुड़े

Follow us

18.3 C
Chandigarh
Wednesday, February 25, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा हरियाणा पुलिस...

    हरियाणा पुलिस में 15% होंगी महिला कर्मी

    women Haryana Police

    सीएम मनोहर लाल ने किया ऐलान

    • हर अपराध की शिकायत दर्ज करने के सख्त निर्देश

    पंचकूला (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए अगले पांच सालों में हरियाणा पुलिस में महिलाओं की संख्या 15 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है और सरकार के इस कदम से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा। मुख्यमंत्री शुक्रवार को हरियाणा पुलिस द्वारा पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो व इंडियन पुलिस फाउंडेशन इंस्टीट्यूट (आईपीएफआई) के सहयोग से ‘महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा’ विषय पर दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन सत्र को संबोधित कर रहे थे। पुलिस में महिलाओं की संख्या पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सराहनीय है  कि राज्य पुलिस बल में महिलाओं की संख्या पिछले पांच वर्षों में 6 प्रतिशत से बढ़कर 10 प्रतिशत हो गई है  और इसे 15 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य है।

    • महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है
    •  इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
    •  हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां 34 महिला पुलिस थाने खोले गए हैं।
    •  पुलिस अधिकारियों को भी यह निर्देश दिए गए हैं
    • हर अपराध की शिकायत दर्ज करें और यह सुनिश्चित करें कि हर पीड़ित को न्याय दिया जाए।

    लिंगानुपात सुधरकर 922 पहुंचा

    उन्होंने कहा कि 12 साल तक की बच्चियों से दुष्कर्म के दोषी को मृत्युदंड देने का कानून पारित करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बना है और इसके बाद केंद्र ने भी इस कानून को पारित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं के खिलाफ अपराध के बारे में प्रारंभिक जांच करने के लिए 15 दिनों की समय सीमा निर्धारित की है। प्रदेश में वर्ष 2011 में लिंगानुपात 830 था, जो आज बढ़कर 922 हो गया है।

    प्रदेश में लगेंगे एक लाख और सीसीटीवी कैमरे

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को महिलाओं के लिए एक सुरक्षित स्थान बनाने के लिए, दुर्गा शक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन-1091, पुलिस स्टेशनों पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले पांच सालों में 2 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और जल्द ही एक लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

    इस सम्मेलन में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजय वर्धन, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मनोज यादव, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, सीआईडी, अनिल कुमार राव, पंचकूला के पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, आईजी करनाल रेंज, श्रीमती भारती अरोड़ा, आईजी चारू बाली, एसपी, क्राइम अगेंस्ट वुमन, श्रीमती मनीषा चौधरी, गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, अन्य बुद्घिजीवी एवं हितधारक उपस्थित थे।

     

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।