हनुमानगढ़। भादरा क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे के ऑफिस की अलमारी से रात के समय तीन लाख रुपए चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में भट्ठे पर काम करने वाले एक व्यक्ति को नामजद किया गया है, जो घटना के बाद अपनी पत्नी सहित गायब बताया जा रहा है। इस संबंध में भादरा पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार ग्राम सिकरोड़ी निवासी कालूराम (28) पुत्र रामलाल रेगर ने रिपोर्ट दी कि वह सिकरोड़ी स्थित सिंगोदिया ईंट उद्योग पर कार्य करता है। उसने 17 फरवरी को सुरेन्द्र ढाका निवासी सिकरोड़ी से ट्रैक्टर खरीदने के लिए तीन लाख रुपए उधार लिए थे। रुपए लेकर वह ईंट भट्ठे के ऑफिस में आया, जहां उस समय नोरंगलाल पुत्र बाबूलाल वाल्मीकि निवासी पालड़ी, तहसील लक्ष्मणगढ़ जिला सीकर भी मौजूद था।
कालूराम के अनुसार उसने नोरंगलाल के सामने ही ऑफिस की अलमारी में तीन लाख रुपए रखे। रात को वह ऑफिस में सो गया, जबकि नोरंगलाल अपनी झुग्गी में चला गया। सुबह उठने पर अलमारी से रुपए गायब मिले। जब उसने नोरंगलाल की झुग्गी में जाकर देखा तो वह और उसकी पत्नी दोनों वहां से लापता थे। रिपोर्ट में बताया गया है कि अलमारी में रुपए रखने की जानकारी नोरंगलाल के अलावा किसी अन्य को नहीं थी। ऐसे में आशंका जताई गई है कि नोरंगलाल ही रुपए चुराकर फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण का अनुसंधान एएसआई अक्षय कुमार को सौंपा गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। Hanumangarh News















