ओवरटेक के दौरान टक्कर की आशंका, गंभीर घायलों को किया रेफर
Rajasthan Accident: हनुमानगढ़। रावतसर थाना क्षेत्र में मेगा हाइवे सरदारशहर रोड पर स्थित गांव बरमसर के पास बुलेट वोल्वो बस व ट्रेलर की आमने-सामने भीषण भिड़ंत में पांच यात्रियों की मौत हो गई वहीं करीब दस लोग घायल हो गए। बुलेट वोल्वो बस श्रीगंगानगर से जयपुर जा रही थी। संभावना जताई जा रही है कि ओवरटेक करते समय बुलेट बस सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। Hanumangarh Accident News
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुभाष गोदारा, थाना प्रभारी ईश्वरानन्द सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को रावतसर के सरकारी अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। जहां से लगभग पांच गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। मृतकों के शव रावतसर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाए गए। हादसे के बाद एएसपी अरविंद बिश्नोई, एसडीएम संजय कुमार, डीवाईएसपी सुभाष गोदारा, तहसीलदार पायल अग्रवाल, सीडब्ल्यूसी मजिस्ट्रेट जितेंद्र गोयल, नितेश मोची आदि ने ट्रोमा सेंटर पहुंच हालात जाने। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने भी रावतसर ट्रोमा सेंटर पहुंच घायलों का हाल जाना।
बुलेट वोल्वो बस चालक सरसों से भरी दो ट्रॉलियों को ओवरटेक कर रहा था
जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब सात बजे हुआ। मेगा हाइवे पर बरमसर से थोड़ा आगे सरसों से भरी दो ट्रॉलियों साइड में खड़ी थीं। बुलेट वोल्वो बस चालक ने इन्हें ओवरटेक कर रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का चालक तरफ का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई और करीब दस लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही रावतसर पुलिस और स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए रावतसर के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। हादसे के बाद मेगा हाइवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। चिकित्सकों के अनुसार, 5 घायलों की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च संस्थानों के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। घायलों में से सात लोगों का रावतसर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है जबकि 3-4 गंभीर घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं। Hanumangarh Accident News
हादसे में मृतक व घायल
हादसे में अजय बंसल पुत्र श्याम लाल बंसल व श्याम लाल दोनों निवासी दुकान नम्बर 309, नई धानमण्डी हनुमानगढ़ टाउन तथा हरिराम पुत्र हनुमान प्रसाद निवासी 6 एमडी-ए पीएस हनुमानगढ टाउन, अल्का सोलंकी पत्नी रविशंकर भाटी निवासी श्रीगंगानगर की मौत हो गई। पांचवें मृतक पुरुष की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। हादसे में सुमन (38) पत्नी अमित सोनी निवासी श्रीगंगानगर, महेन्द्र कुमार (39) पुत्र जगदीश निवासी श्रीगंगानगर, आदित्य (17) पुत्र अशोक कौशल निवासी श्रीगंगानगर, अरविन्द (38) पुत्र हंसराज जाट निवासी लालगढ जाटान व रिचु नागपाल (40) पुत्र हरीश अरोड़ा निवासी वार्ड 18 दुर्गा, कॉलोनी, हनुमानगढ़ जंक्शन घायल हो गए। जबकि गंभीर घायल धर्मंेद्र वर्मा पुत्र अशोक कुम्हार निवासी सेक्टर नम्बर 6, हनुमानगढ़ जंक्शन, बालक दक्ष पुत्र आरएस भाटी निवासी श्रीगंगानगर व बस परिचालक जयवीर पुत्र बलवंतराम धानक निवासी टोपरियां को हायर सेंटर रेफर कर दिया। Hanumangarh Accident News















