हमसे जुड़े

Follow us

26.3 C
Chandigarh
Monday, April 13, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान घग्घर पुल पर ...

    घग्घर पुल पर 80 चालान, सड़क सुरक्षा अभियान तेज, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

    Hanumangarh Traffic Police
    घग्घर पुल पर 80 चालान, सड़क सुरक्षा अभियान तेज, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

    हनुमानगढ़। सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में यातायात पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान के तहत आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने टीम के साथ जंक्शन क्षेत्र में टाउन रोड स्थित घग्घर पुल पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 80 चालान काटे गए। Hanumangarh Traffic Police

    कार्रवाई के दौरान हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, थ्री व्हीलर में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने सहित अन्य नियमों की अनदेखी के मामले सामने आए। पुलिस ने चालान के साथ-साथ वाहन चालकों को समझाइश भी की। कई दुपहिया वाहन चालकों के पास हेलमेट तो था, लेकिन उन्होंने उसे पहनने के बजाय वाहन पर टांग रखा था या डिग्गी में रखा हुआ था। ऐसे चालकों को मौके पर ही हेलमेट पहनाया गया और भविष्य में अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाने की हिदायत दी गई। नाकाबंदी के दौरान यह भी देखा गया कि कई दुपहिया वाहन चालक पुलिस को देखकर वाहन मोड़कर वापस भागते नजर आए, जिनमें अधिकांश बिना हेलमेट के थे। इससे साफ है कि अभी भी लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता की कमी बनी हुई है। इससे पूर्व शुक्रवार रात्रि को भी यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर एक ट्रक सहित दो वाहनों को सीज किया था।

    टीआई बोले-सुरक्षा कवच है हेलमेट | Hanumangarh Traffic Police

    यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि हेलमेट सिर को गंभीर चोट से बचाता है और दुर्घटना की स्थिति में मृत्यु की संभावना को कम करता है। यह दुपहिया वाहन चालकों के लिए सुरक्षा कवच है। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि तेज गति से वाहन न चलाएं और ओवरटेक करते समय अन्य वाहनों का ध्यान रखें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि शराब पीकर या मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाना बेहद खतरनाक है। ऐसे में सभी वाहन चालक यातायात नियमों की सख्ती से पालना करें, ताकि स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके। Hanumangarh Traffic Police