हमसे जुड़े

Follow us

20.5 C
Chandigarh
Tuesday, February 10, 2026
More
    Home देश बांदा जेल के ...

    बांदा जेल के बैरक नंबर 16 की तन्हाई में मुख्तार अंसारी

    Mukhtar Ansari

    बांदा (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश पुलिस के हाई प्रोफाइल माफिया डान और बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंजाब से बांदा जेल में शिफ्ट कर दिया गया। मुख्तार को पंजाब में रोपड़ जिले की रूपनगर जेल से चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे बांदा जेल लाया गया। जेल प्रशासन ने बाहुबली विधायक के बांदा जेल में पहुंचने की पुष्टि कर दी है। उसे बैरक नम्बर 16 में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया है। फिलहाल माफिया डान को तन्हाई में रखा गया है। उसका स्वास्थ्य ठीक है और आज उसकी कोरोना जांच की जाएगी।

    सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पंजाब सरकार मुख्तार को उत्तर प्रदेश पुलिस के हवाले करने के लिए तैयार हुई थी, जिसके बाद उसे सड़क मार्ग से यहां लाने का फैसला किया गया था। इसके लिए गृह विभाग ने सुरक्षा का फुल प्रूफ प्लान तैयार किया था और करीब 150 जवानों का एक दल, जिसमें पीएसी के जवान भी शामिल थे, सोमवार को पंजाब के लिये रवाना हुआ।

    दो दिन आराम नहीं कर पाए सुरक्षा में लगे जवान

    इस बीच माफिया सरगना की सुरक्षा और अनहोनी के तमाम कयास विपक्षी दलों और सोशल मीडिया पर लगाये जाने लगे। इन सबसे बेपरवाह सुरक्षा बलों ने दो दिन और दो रात के थकान भरे सफर को तय कर बाहुबली को बांदा जेल सुरक्षित पहुंचाने के अपने कर्तव्य को बखूबी अंजाम दिया।

    कैसे और किन रास्तों से चले

    यूपी पुलिस की टीम मुख्तार अंसारी को लेकर दोपहर दो बजकर सात मिनट पर रवाना हुई। शाम के चार बजे यूपी पुलिस का काफिला हरियाणा के करनाल से होकर गुजरा। सुबह 4.34 मिनट पर उसे यूपी की बांदा जेल में शिफ्ट कर दिया गया। मुख्तार अंसारी को वापस लाते वक्त रास्ते बदल गये और काफिले की स्पीड लगभग 80 किमी. प्रति घंटा की रही।

    14 घंटे का सफर करके पहुंचा बांदा

    पंजाब पुलिस ने मंगलवार दोपहर मुख्तार को यूपी पुलिस के हवाले किया था। जिसके बाद उसे करीब 18 गाड़ियों के काफिले के संग 14 घंटे का सफर तय कर बांदा जेल लाया गया। बांदा जेल में मुख्तार के लिए सुरक्षा के लिए सभी तैयारियां पहले ही पूरी की जा चुकी थी।

    50 से प्रयासों के बाद कामयाब हुई यूपी पुलिस

    प्रदेश के 24 थानों में करीब 52 मामलों में वांछित मुख्तार को बांदा जेल में लाने के लिए योगी सरकार को खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान 50 से अधिक बार उसे वापस लाने के प्रयास किए गए, मगर हर बार पंजाब की कांग्रेस सरकार ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए टरका दिया। आखिरकार उच्चतम न्यायालय ने प्रदेश सरकार की प्रभावी पैरवी के बाद उसे यूपी पुलिस के हवाले करने आदेश दिया।

    रोपड़ जेल में मिल रही थी विशेष सुविधाएं

    जेल सूत्रों ने बताया कि 21 जनवरी 2019 को मुख्तार को पंजाब की रोपड़ जेल में शिफ्ट किया गया था। इससे पहले बांदा जेल में मुख्तार को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाती है। यहां तक कि उसकी बैरक में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए विशेष जनरेटर सेट का इंतजाम किया गया था।

    अब रहना होगा आम कैदी की तरह

    हालांकि इस बार उसे जेल मैनुअल के हिसाब से चलना पड़ेगा और आम कैदियों की तरह जेल की रसोई में बना भोजन और अन्य सुविधाओं का लाभ उठाना होगा।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।