हमसे जुड़े

Follow us

31.6 C
Chandigarh
Saturday, April 4, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी दिल्ली के द्व...

    दिल्ली के द्वारका में तेजाब हमले में तीन लोग गिरफ्तार

    New Delhi News
    सांकेतिक फोटो

    नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में एक नाबालिग स्कूली छात्रा पर तेजाब फैंकने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान सचिन अरोड़ा (20) हर्षित अग्रवाल (19) उर्फ हनी और वीरेंद्र सिंह (22) उर्फ सोनू के रुप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पता चला है कि आरोपी ने एक ऑनलाइन शॉपिंग साइट से तेजाब खरीदा था। पुलिस ने बताया कि मोहन गार्डन थाना क्षेत्र में एक लड़की पर तेजाब फेंकने की घटना के संबंध में पुलिस को सुबह करीब नौ बजे पीसीआर कॉल मिली थी। बताया गया कि एक 17 वर्षीय किशोरी पर सुबह साढ़े सात बजे के करीब मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया। पुलिस टीमें तुरंत डीडीयू अस्पताल पहुंचीं और पता चला कि सुबह करीब साढ़े सात बजे 12वीं की छात्रा अपनी छोटी बहन के साथ स्कूल जा रही थी।

    क्षेत्र के रामा पार्क इलाके के वर्मा चौक पर एक बाइक पर दो व्यक्ति आए और पीछे बैठे व्यक्ति ने लड़की पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने गवाहों और स्थानीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी व्यक्तियों की पहचान की और घटना के कुछ घंटों के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने एक बयान में बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी सचिन पीड़िता को जानता था और इस साल सितंबर तक दोनों के बीच दोस्ताना संबंध थे। उसके बाद उनमें अनबन हो गई। वारदात के वक्त मोटरसाइकिल आरोपी हर्षित चला रहा था। वीरेंद्र ने इनकी मदद की। पुलिस ने कहा कि लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस हमले में वह आठ प्रतिशत जल गयी है।

    मोहन गार्डन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। तेजाब हमले की घटना पर दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर लिखा, “देश की राजधानी में दो बदमाशों ने एक लड़की पर दिनदहाड़े तेजाब फेंका और भाग गए , क्या किसी को कानून का डर है। तेजाब प्रतिबंधित क्यों नहीं होता। ”मालीवाल ने ट्वीट किया “द्वारका मोड़ के पास एक लड़की पर तेजाब फेंका गया। हमारी टीम पीड़िता की मदद के लिए अस्पताल पहुंच रही है। हम बेटी को न्याय दिलाएंगे। दिल्ली महिला आयोग देश में तेजाब पर प्रतिबंध लगाने के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहा है। सरकारें कब जागेंगी। इस बीच दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने इस घटना को लेकर दिल्ली पुलिस आयोग से बात की। उपराज्यपाल कार्यालय ने कहा कि सक्सेना ने द्वारका मोड़ पर हुए तेजाब हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में पुलिस आयुक्त से बात की और घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here