हमसे जुड़े

Follow us

22.1 C
Chandigarh
Friday, February 6, 2026
More
    Home चंडीगढ़ युवाओं को 50 ...

    युवाओं को 50 हजार और दी जाएंगी सरकारी नौकरियां: भगवंत सिंह मान

    Bhagwant Mann

    चंडीगढ़। पंजाब में युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का आंकड़ा 51,000 को पार कर जाने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज बड़ा ऐलान किया कि 50,000 और सरकारी नौकरियां दी जाएंगी, जिससे युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां मिल जाएंगी।

    मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार ने तीन सालों में नौजवानों को 51,655 सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि सूबा सरकार नौजवानों को सरकारी नौकरियां देने का एक लाख का आंकड़ा पार करेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा, मैं नौजवानों को रोजगार देकर उनके हाथों में टिफिन सौंपना चाहता हूं ताकि वह नशे वाली सिरिंजों और अन्य बुराईयों से दूर रह सकें। खाली मन शैतान का घर होता है, इसलिए राज्य सरकार इस बात के लिए पूरा जोर लगा रही है कि हमारे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को नौकरियां मिलें ताकि वह सामाजिक बुराइयों का शिकार न हों। बेरोजगारी बहुत सारी समस्याओं की जड़ है जिस कारण सूबा सरकार इस रोग को खत्म करने पर सबसे ज्यादा ध्यान केंद्रित कर रही है।

    मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार हरेक विभाग में खाली होते ही सारी असामियां भर देती है। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया के लिए पारदर्शी विधि अपनाई गई है जिस कारण इन 51,000 सरकारी नौकरियों में से एक भी नियुक्ति को अब तक किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी गई है।

    भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह पंजाब सरकार के लिए गर्व की बात है कि इन युवाओं को पूरी तरह योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वपूर्ण मौका है जब यह नौजवान पंजाब सरकार के परिवार का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह नौजवान अलग-अलग विभागों में भर्ती होकर सूबे के सामाजिक-आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदार बनेंगे।

    भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार किसी भी सरकार ने सत्ता में आने के 36 महीनों में युवाओं को रिकॉर्ड 51,000 से ज्यादा नौकरियां दी हैं।