एडवांस में दिए गए रुपए वापस मांगना मार्बल ठेकेदार को पड़ा महंगा

Hanumangarh News
सांकेतिक फोटो

आधा दर्जन लोगों ने धारदार हथियार व लोहे की रॉड से लैस होकर किया हमला

हनुमानगढ़। मार्बल के ठेकेदार को पूर्व में अपने साथ मजदूरी का कार्य करने वाले युवक से एडवांस में दिए गए रुपए वापस मांगना महंगा पड़ गया। उक्त युवक ने करीब आधा दर्जन लोगों के साथ मिलकर धारदार हथियार व लोहे की रॉड से लैस होकर मार्बल के ठेकेदार पर हमला कर दिया। जेब से मोबाइल फोन व नकदी निकाल ली। मारपीट में चोटें लगने से मार्बल ठेकेदार घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस संबंध में संगरिया पुलिस थाना में चार नामजद व दो-तीन अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार निक्का सिंह (55) पुत्र टेहल सिंह निवासी वार्ड एक, गांव मानकसर पीएस संगरिया ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि उसका लड़का नन्दू मार्बल का ठेकेदार है। नन्दू के पास मजदूरी के कार्य के लिए माणु लगा हुआ था जिसने एडवांस पैसे लिए थे। उसके लड़के नन्दू ने कई बार माणु से पैसों की मांग की तो वह आज-कल, आज-कल करता रहा। रविवार रात्रि के समय करीब 9.30 बजे उसका लड़का नन्दू वाटर वर्क्स रोड से घर आ रहा था। जब वह सरकारी स्कूल के पास पहुंचा तो वहां पहले से माणु, बिट्टू पुत्र दिलबाग, तरसेम, अन्नू पुत्र दलीप निवासी मानकसर व 2-3 अन्य धारदार हथियार व लोहे की रॉडें लेकर खड़े थे। इन लोगों ने उसके लड़के नन्दू को रोक लिया और कहा कि तेरा हिसाब चुकता कर देते हैं। Hanumangarh News

चोटें लगने से मार्बल ठेकेदार गम्भीर घायल, हायर सेंटर रेफर

सभी ने उसके लड़के नन्दू के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करते हुए उसकी जेब से मोबाइल फोन व पांच हजार रुपए निकाल लिए। जब नन्दू ने विरोध किया तो इन लोगों ने उसके लड़के पर जानलेवा हमला कर दिया। इसकी वजह से नन्दू के सिर में गम्भीर चोटें आईं और खून बहने लगा। शोर-शराबा होने पर रास्ते जाते लोग इकट्ठे हो गए। इनकी ओर से सूचना देने पर कालासिंह पुत्र नक्षत्रसिंह व गुरवीर सिंह पुत्र दर्शनसिंह मौके पर पहुंचे, तब उसका लड़का नन्दू बेहोशी की अवस्था में था। उसके लड़के नन्दू को राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने नन्दू को श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। अब उसका लड़का श्रीगंगानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने माणु, बिट्टू, तरसेम, अन्नू व 2-3 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश हैड कांस्टेबल विजय सिंह के सुपुर्द की है। Hanumangarh News