संजय कुमार मेहरा गुरुग्राम। यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर रविवार सुबह लगभग 5 से 6 बजे के बीच अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग की सूचना के तुरंत बाद ही पुलिस मौके पर पहंची और जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह बिग बॉस विनर, फेमस यूट्यूबर और एक्टर एल्विश के सेक्टर-57 स्थित घर में बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई। सुबह-सुबह अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि किसी को कोई जानमाल की हानि नहीं हुई है। एल्विश यादव भी उस वक्त घर पर मौजूद नहीं थे।
जानकारी के अनुसार एल्विश के घर पर सुबह तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे। फायरिंग घर के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर हुई है। बता दें कि एल्विश यादव हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया के नजदीकी हैं। पिछले दिनों राहुल फाजिलपुरिया पर भी फायरिंग हुई थी। इस केस को फाजिलपुरिया केस से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।