हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़ा 3.29 लाख क्यूसेक पानी, हाईअलर्ट

Kairana News
Kairana News: हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़ा 3.29 लाख क्यूसेक पानी, हाईअलर्ट

कैराना में चेतावनी बिंदु से मात्र एक मीटर बह रही है यमुना, सोमवार रात्रि में ही खतरे के निशान को पार कर जाएगा यमुना का जलस्तर

  • खादर क्षेत्र के किसानों की धड़कने बढ़ी, बाढ़ चौकियों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में निरन्तर हो रही वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में अधिकतम 3.29 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। इससे कैराना क्षेत्र में यमुना नदी उफान पर पहुंच जाएगी, जिसे लेकर खादर क्षेत्र के किसानों की धड़कने भी तेज हो गई है। वहीं, यमुना में पानी छोड़े जाने के चलते हाईअलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट करते हुए खादर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए है। Kairana News

पिछले कई दिनों से पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में निरन्तर वर्षा हो रही है, जिस कारण हथिनीकुंड बैराज पर पानी का दबाव बढ़ गया। बैराज पर पानी के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए सोमवार सुबह से ही यमुना नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। प्रातः आठ बजे 3,11,032 क्यूसेक पानी यमुना में डिस्चार्ज किया गया। इसके बाद, दस बजे 3,21635 क्यूसेक, 12 बजे 3,23,180 व दोपहर दो बजे 3,03,519 क्यूसेक पानी यमुना में प्रवाहित किया गया। प्रातः नौ बजे सबसे अधिक 3,29,313 क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया। यमुना में छोड़े गए पानी की सूचना पर खादर क्षेत्र के किसानों की चिंता में वृद्धि हो गई है। Kairana News

यमुना नदी में हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया यह पानी इस वर्ष का अभी तक सर्वाधिक है। बैराज से छोड़ा गया पानी करीब 22 से 24 घंटे में कैराना पहुंच जाएगा, जिससे क्षेत्र में यमुना नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि होगी। यमुना के उफान पर आने से खादर क्षेत्र के किसानों की फसलों को नुकसान होने की संभावनाएं जताई जा रही है। यमुना में पानी छोड़े जाने के साथ ही हाईअलर्ट जारी किया गया है। बाढ़ चौकियों को अलर्ट रहकर खादर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यमुना नदी में एक दिन पूर्व भी अधिकतम 44,416 क्यूसेक जल डिस्चार्ज किया गया था। जोकि सोमवार सुबह ही कैराना पहुंच गया।

यमुना नदी कैराना में फिलहाल चेतावनी बिंदु से मात्र एक मीटर नीचे यानि 230.00 मीटर पर बह रही है। सोमवार को छोड़े गए पानी से यमुना के खतरे के निशान को पार कर जाने की संभावना है। वहीं, ड्रेनेज विभाग के अधिशासी अभियंता सुधांशु सिंह ने बताया कि सोमवार प्रातः आठ बजे कैराना में यमुना का बहाव सूचकांक पर 230.00 मीटर दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से यमुना में पानी छोड़े जाने से क्षेत्र में जलस्तर में वृद्धि होगी। कैराना में यमुना का चेतावनी बिंदु 231.000 मीटर, जबकि खतरे का निशान 231.500 मीटर पर निर्धारित है। मातहतों को यमुना तटबंध पर निरन्तर गश्त करने को कहा गया है।

हर प्रकार की विषम परिस्थिति से निटपने को तैयार प्रशासन: तहसीलदार

यमुना नदी में हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी से तहसील प्रशासन भी चौकन्ना हो गया है, जिसके चलते बाढ़ चौकियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए है। प्रशासन विगत वर्षों में यमुना के पानी से तटवर्ती क्षेत्र में हो चुके नुकसान से वाकिफ है। वर्ष-2023 में मानसून सत्र के दौरान सहपत में यमुना तटबन्द टूटने से सैंकड़ों किसानों की फसलें बर्बाद हो गई थी, जिन्हें बाद में शासन की ओर से मुआवजा दिया गया था। Kairana News

इसी के मद्देनजर यमुना में पानी छोड़े जाने के साथ ही प्रशासन सतर्क हो गया है। वहीं, तहसीलदार कैराना अर्जुन चौहान का कहना है कि ड्रेनेज विभाग की ओर से यमुना में अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के इनपुट मिले है, जिसके दृष्टिगत तहसील क्षेत्र में स्थित चारों बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही, लोगो को यमुना तट की ओर न जाने की सलाह दी गई है। तहसील प्रशासन किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

यह भी पढ़ें:– यमुना उफान पर, खेतों में तेज कटाव, विधायक देवेंद्र कादियान ने किया दौरा