हमसे जुड़े

Follow us

11.7 C
Chandigarh
Saturday, February 7, 2026
More
    Home राज्य पंजाब पुलिस मुठभेड़ ...

    पुलिस मुठभेड़ में मेडिकल पर गोली चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

    Hoshiarpur News
    Hoshiarpur News: पुलिस मुठभेड़ में मेडिकल पर गोली चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

    गढ़शंकर में सुबह साढ़े पांच बजे हुई मुठभेड़, दबोचे गए वांछित अपराधी

    • एक आरोपी घायल, पुलिस अधिकारी बुलेटप्रूफ जैकेट से बचा

    होशियारपुर (सच कहूँ न्यूज)। Hoshiarpur News: पंजाब के होशियारपुर जिले के गढ़शंकर क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर पर हाल ही में हुई गोलीबारी के मामले में वांछित दो आरोपियों को शुक्रवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गढ़शंकर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दलजीत सिंह खख ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिस अधिकारी की जान बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण बच गई।

    डीएसपी खख के अनुसार, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल सुबह करीब साढ़े पांच बजे बारापुर रोड पर कुनैल के पास मौजूद था। उन्हें सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध, जो पहले के एक मामले में वांछित हैं, मोटरसाइकिल पर इलाके में घूम रहे हैं और किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। जब बारापुर गांव के पास पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। Hoshiarpur News

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण जगपाल उर्फ कानू, निवासी गांव बस्सी वाजिद, थाना हरियाना, और सिमरनप्रीत सिंह उर्फ सिम्मो, निवासी गांव इब्राहिमपुर, थाना गढ़शंकर के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए हैं। करण जगपाल पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि सिमरनप्रीत सिंह पर हत्या का मामला पहले से ही चल रहा है और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था।

    डीएसपी खख ने बताया कि वीरवार रात पुलिस ने एक अन्य आरोपी हरिंदर सिंह उर्फ गोगा, निवासी गांव पैली, थाना पोजेवाल, जिला शहीद भगत सिंह नगर को भी गिरफ्तार किया था। हरिंदर सिंह और करण जगपाल ने आठ अक्टूबर, 2025 को गांव बोहरा (गढ़शंकर) स्थित वर्मा मेडिकल स्टोर पर कथित तौर पर गोलीबारी की थी। डीएसपी ने यह भी बताया कि हरिंदर सिंह मेहताबपुर गांव में हुई एक अन्य गोलीबारी की घटना में भी शामिल था। पुलिस ने शुक्रवार की मुठभेड़ के संबंध में एक नया मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच की जा रही है। Hoshiarpur News

    यह भी पढ़ें:– उधार दिये 10 हजार रुपये माँगे तो कर दी बुजुर्ग महिला की हत्या