हमसे जुड़े

Follow us

18.7 C
Chandigarh
Saturday, March 28, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा हुड्डा ने किस...

    हुड्डा ने किसानों के बहाने जाटलैंड में किया शक्ति प्रदर्शन

    Bhupinder Singh Hooda, Demonstrated Power, Farmers, Haryana

    डेढ़ दशक बाद जींद की धरती से शुरू किया संघर्ष

    • केंद्रीय मंत्री डूमरखां व इनेलो के गढ़ में सेंध लगाने की कवायद

    जींद (सच कहूँ न्यूज)। पिछले कई माह से हरियाणा में घूमकर अपने लिए सियासी जमीन मजबूत कर रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को जाटलैंड के नाम से प्रसिद्ध जींद में किसान महापंचायत करके अपने राजनीतिक विरोधियों को चुनौती दी है। किसानों के बहाने हरियाणा में अपने समर्थकों को एकजुट कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को जींद में किसान पंचायत का आयोजन कर एक तीर से कई शिकार करने का काम किया है। हरियाणा में कांग्रेस के लगातार बदल रहे समीकरणों के बीच पिछले कुछ समय से हुड्डा पार्टी को पीछे रखकर अपने स्तर पर अभियान चला रहे हैं।

    दो सांसद,12 विधायक, चार पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, 20 पूर्व मंत्री और 30 पूर्व विधायकों ने की शिरकत

    जिसमें हुड्डा का समर्थन वह विधायक कर रहे हैं जिनके लिए पार्टी की बजाए हुड्डा ही प्राथमिकता पर हैं। प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को जींद की नई अनाज मंडी में आयोजित विशाल किसान महापंचायत में कहा कि जब तक किसान की समस्याओं का समाधान नहीं होता, वह सरकार की नींद हराम रखेंगे। उमस भरी भीषण गर्मी के बावजूद किसान पंचायत में हजारों लोग किसान पंचायत में शामिल हुए। भीड़ से उत्साहित पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने मंच से कंडेला कांड का जिक्र कर जींद में इनैलो की जड़ों पर ही प्रहार करने का अपनी तरफ से कोई मौका नहीं छोड़ा।

    लगे हाथों भूपेंद्र हुड्डा ने केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का नाम लिए बिना उन पर हमला बोला और कहा कि जींद से जिन राजनीतिक लोगों ने ताकत हासिल की, उस ताकत का इस्तेमाल केवल खुद के विकास के लिए किया। किसान पंचायत में रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जींद में विशाल किसान पंचायत में उमड़ी भीड़ से चंडीगढ़ में भीष्ण गर्मी के बावजूद प्रदेश सरकार को अब ठंड लगने लगी है। इस मौके पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, डॉ. रघुबीर कादियान, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, विधायक जगबीर मलिक, आनंद सिंह दांगी, प्रो. वीरेंद्र, पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य आदि भी मौजूद थे।

    किसी ने नहीं लिया सोनियां, राहुल का नाम

    महापंचायत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा एवं सांसद दीपेन्द्र के अलावा सांसद शादी लाल बतरा व 12 विधायक मौजूद रहे। सबसे खास बात यह रही कि लगभग सब लोगों ने मंच से संबोधन किया और किसी ने भी सोनियां गांधी या राहुल गांधी या किसी भी केन्द्रीय नेता का नाम तक नहीं लिया। मौजूदा दो सांसद, 12 विधायकों के साथ, चार पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, 20 पूर्व मंत्री और 30 पूर्व विधायकों ने आज पंचायत में शिरकत की।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।