हमसे जुड़े

Follow us

15.6 C
Chandigarh
Sunday, February 1, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा आफत बनकर आसमा...

    आफत बनकर आसमान से बरसी बर्फ घरौंडा क्षेत्र में आधी रात को बरसे ओले, खेतों में बिछी सफ़ेद बर्फ की चादर और सरसों की फसलों को नुकसान, सब्जियों पर भी पड़ी मार, तापमान में आई गिरावट

    Gharaunda News
    Gharaunda News: आफत बनकर आसमान से बरसी बर्फ घरौंडा क्षेत्र में आधी रात को बरसे ओले, खेतों में बिछी सफ़ेद बर्फ की चादर और सरसों की फसलों को नुकसान, सब्जियों पर भी पड़ी मार, तापमान में आई गिरावट

    घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda Weather News: घरौंडा क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात मौसम ने अचानक करवट ली और आधी रात को तेज ओलावृष्टि हुई। पहले हल्की बारिश हुई, इसके बाद कुछ ही मिनटों में आसमान से ओले बरसने लगे। करीब 8 से 10 मिनट तक हुई ओलावृष्टि से खेतों में सफेदी छा गई। तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। कृषि विभाग की ओर से नुकसान का सर्वे कराने की तैयारी की जा रही है।

    शनिवार-रविवार की रात पहले हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को ठंड का अहसास बढ़ गया। रात 12 बजकर 25 मिनट पर अचानक ओलावृष्टि शुरू हो गई। शुरुआत में ओले छोटे थे, लेकिन कुछ ही देर में ताबड़तोड़ ओले गिरने लगे। गलियों, छतों और खेतों में ओलों की मोटी परत जम गई। अचानक हुई इस प्राकृतिक घटना से लोग नींद से जाग गए और घरों के बाहर निकलकर हालात देखने लगे। ओलावृष्टि के बाद किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। गेहूं की फसल को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ है, जबकि सरसों की फसल पर ओलों का ज्यादा असर पड़ा है। सब्जियों की फसलें भी ओलावृष्टि की चपेट में आई हैं, आलू में करीब 30 प्रतिशत का नुकसान बताया जा रहा है, वहीं टमाटर को भी नुकसान है।

    कृषि विभाग का आकलन, सर्वे होगा शुरू | Gharaunda News

    कृषि विभाग के अनुसार गेहूं की फसल में 10 से 15 प्रतिशत और सरसों की फसल में 25 से 30 प्रतिशत तक नुकसान होने का अनुमान है। घरौंडा के खंड कृषि अधिकारी डा. राहुल दहिया ने बताया कि ओलावृष्टि से गेहूं व सरसों की फसलों को 10 से 30 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र का सर्वे करवाया जाएगा, ताकि वास्तविक नुकसान का सही आकलन किया जा सके। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि अभी बरसात का मौसम है, इसलिए फसलों में सिंचाई न करें।

    तापमान में गिरावट, ठंडी हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन

    मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए रहने के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि बारिश के बाद चलने वाली उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं रात की ठंड बढ़ा देंगी। आने वाले दिनों में आसमान साफ होने पर रात के तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है।

    यह भी पढ़ें:– Parenting Tips: सोने से पहले बच्चों से रोज पूछें ये 6 सवाल, फिर देखना जिंदगी बदल जाएगी